"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

दलदलसिवनी में 220 केवी उपकेंद्र ऊर्जीकृत, रायपुर की 40 फीसदी आबादी को मिलेगी बेहतर बिजली

60 करोड़ की लागत से तैयार हुआ अत्याधुनिक उपकेंद्र, ढाई लाख से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा लाभ

Kpn24.com रायपुर 08 सितंबर 2026

राजधानी रायपुर की विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। शहर के दलदलसिवनी में करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 220 केवी विद्युत उपकेंद्र को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर दिया गया है। इस उपकेंद्र के शुरू होने से राजधानी की करीब 40 प्रतिशत आबादी को पहले की तुलना में अधिक विश्वसनीय और सुदृढ़ बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

नए उपकेंद्र से ढाई लाख से अधिक घरेलू, गैर-घरेलू और औद्योगिक उपभोक्ताओं की विद्युत आवश्यकता को बेहतर ढंग से पूरा करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही उरला, सिलतरा और मेटल पार्क जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को भी विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और पावर कंपनीज के चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह ने अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे राजधानी की विद्युत व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
160 एमवीए का एक और ट्रांसफार्मर जल्द होगा स्थापित
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला तथा डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने स्विच ऑन कर उपकेंद्र को ऊर्जीकृत किया। वर्तमान में यहां 160 एमवीए का एक तथा 63 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर चालू किए गए हैं। क्षमता बढ़ाने के लिए 160 एमवीए का एक और ट्रांसफार्मर आगामी दो माह में स्थापित किया जाएगा।
बिजली आपूर्ति का नया मजबूत नेटवर्क
दलदलसिवनी उपकेंद्र राजधानी के विद्युत नेटवर्क में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करेगा। कोरबा-मड़वा से आने वाली बिजली 400 केवी और उसके बाद 220 केवी तथा 132 केवी के नेटवर्क से होते हुए वितरण उपकेंद्रों तक पहुंचती है। इसके बाद 33 केवी और 11 केवी उपकेंद्रों तथा एलटी लाइनों के माध्यम से बिजली घरेलू और अन्य उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जाती है।
ऐसे में शहर के मध्य एक बड़े 220 केवी उपकेंद्र की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। करीब 10 एकड़ क्षेत्र में निर्मित इस उपकेंद्र के निर्माण के दौरान सामने आई विभिन्न चुनौतियों को जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और स्थानीय निकायों के सहयोग से दूर किया गया।
कचना और उरला को मिली सीधी कनेक्टिविटी
दलदलसिवनी उपकेंद्र से फिलहाल 132 केवी की दो लाइनें कचना और उरला की ओर निकाली गई हैं। इसके अलावा 33 केवी की आठ फीडर लाइनें विकसित की जाएंगी। इनमें सात फीडर रायपुर शहर और एक फीडर रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के लिए होगी।
अब तक राजधानी की विद्युत आपूर्ति में डोमा स्थित 220 केवी उपकेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दलदलसिवनी उपकेंद्र के नेटवर्क से जुड़ने के बाद विद्युत आपूर्ति का भार अधिक संतुलित होगा और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
4.5 किलोमीटर की मल्टीसर्किट लाइन से भविष्य की जरूरतें भी पूरी होंगी
परियोजना में करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी नई 220 केवी मल्टीसर्किट लाइन भी शामिल है। भविष्य में इसी नेटवर्क से 132 केवी की दो और लाइनें निकाली जा सकेंगी। इससे सिलतरा, मंदिर हसौद और नवा रायपुर क्षेत्र की बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।
नए उपकेंद्र के ऊर्जीकृत होने से राजधानी के तेजी से बढ़ते शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों को भविष्य में बढ़ती बिजली मांग के अनुरूप मजबूत विद्युत आधार मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में पावर कंपनी के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, मुख्य अभियंता, अतिरिक्त मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता और सहायक अभियंता सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More