
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र की जनता की सुविधा के लिए खोला गया बलौदा का एकमात्र रेलवे रिजर्वेशन काउंटर आज खुद उपेक्षा और गंदगी की मार झेल रहा है। पूर्व सांसद कमलादेवी पाटले के प्रयासों से वर्षों पहले यह सुविधा शुरू की गई थी, जिससे स्थानीय लोगों को टिकट बुकिंग के लिए जांजगीर या अकलतरा जैसे दूरस्थ इलाकों में न जाना पड़े। लेकिन आज वही काउंटर नगर पंचायत बलौदा की लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण बन गया है।
रेलवे टिकट काउंटर के चारों ओर फैली गंदगी ने वहां खड़े रहना तक मुश्किल कर दिया है। हालत यह है कि लोग बदबू और गंदगी के बीच घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। सबसे अधिक परेशानी तत्काल टिकट बुक कराने वालों को होती है, जिन्हें रातभर इसी गंदगी के बीच खुले आसमान तले इंतजार करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों ने कई बार नगर पंचायत को इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन प्रशासन की नींद अब तक नहीं टूटी। ऐसा प्रतीत होता है जैसे नगर पंचायत ने स्वच्छ भारत अभियान को केवल कागजों में ही साकार किया है, ज़मीनी हकीकत इसके एकदम विपरीत है। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत केवल औपचारिकताएं निभाने और प्रचार प्रसार में व्यस्त रहती है, जबकि जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।
क्षेत्रवासी अब यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या नगर पंचायत बलौदा वास्तव में नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है? क्या साफ-सफाई केवल बड़े-बड़े बोर्ड और नारों तक सीमित रह गई है?
स्थानीय प्रशासन यदि अब भी नहीं जागता, तो यह न केवल एक जनसुविधा केंद्र की उपेक्षा होगी, बल्कि स्वच्छता जैसे राष्ट्रीय अभियान की भी खुली अवहेलना मानी जाएगी।










