"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

साकेत विद्या निकेतन काशीगढ़ में धूमधाम से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस

KPN24:- सक्ती जिले के जैजैपुर विकासखण्ड की आदर्श ग्राम पंचायत काशीगढ़ के अंतर्गत संचालित साकेत विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस का 79वां पर्व बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, जनप्रतिनिधि, अभिभावकगण एवं ग्रामीणजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रांगण में अतिथियों द्वारा महान स्वतंत्रता सेनानियों के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के संचालक बी.पी. चंद्रा एवं अतिथिगण दुजराम चंद्रा, राज चंद्रा, अम्मे यादव, नरोत्तम साहू आदि ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर भारत स्काउट गाइड के छात्र-छात्राओं ने परेड करते हुए राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।

छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकालकर पूरे ग्राम में “विजयी विश्व तिरंगा प्यारा” और देशभक्ति नारों के साथ स्वतंत्रता का संदेश दिया। विद्यालय प्रांगण में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों का विशेष स्वागत भारत स्काउट गाइड के विद्यार्थियों ने ताली की विशेष थाप के साथ किया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सुनीता महंत ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं सरपंच प्रतिनिधि गोपाल दास महंत ने अपने उद्बोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण संचालन की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान किया। उपसरपंच श्रीमती क्रांति बाई साहू एवं प्रतिनिधि रमेश साहू द्वारा कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की ओर से भी प्रतिभागियों को पेन, पेंसिल व कॉपी देकर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सम्माननीय नागरिक महेंद्र चंद्रा, दादूराम चंद्रा, कलाम खान, कमलेश चंद्रा सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय संचालक बी.पी. चंद्रा ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More