"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

टोक्यो में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने किया असाकुसा मंदिर का दर्शन, प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली की कामना

KPN24 :- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने जापान दौरे के दौरान आज टोक्यो स्थित ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर का दर्शन किया। यह मंदिर टोक्यो का सबसे प्राचीन और प्रतिष्ठित धार्मिक स्थल माना जाता है, जिसे शांति और सामर्थ्य का प्रतीक भी कहा जाता है।

मंदिर दर्शन के पश्चात मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश की ढाई करोड़ से अधिक जनता की सुख-समृद्धि, शांति और प्रगति की कामना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ एक उभरता हुआ राज्य है और यहाँ की जनता मेहनतकश और उद्यमशील है। ऐसे में प्रदेश की तरक्की और स्थायी शांति के लिए ईश्वर से आशीर्वाद लेना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि “जापान जैसी विकसित और प्रगतिशील संस्कृति से हमें बहुत कुछ सीखने का अवसर मिल रहा है। असाकुसा मंदिर का दर्शन कर मैंने यह संकल्प लिया है कि छत्तीसगढ़ को भी विकास, शांति और आत्मनिर्भरता की राह पर और आगे बढ़ाया जाएगा।”

विदित हो कि असाकुसा मंदिर जापान का एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर स्थल है, जहाँ देश-विदेश से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। मुख्यमंत्री के मंदिर दर्शन को लेकर स्थानीय लोगों और मंदिर प्रबंधन ने भी उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रदेश के ग्लोबल आउटरीच मिशन के तहत किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत वे जापान और दक्षिण कोरिया में निवेशकों, उद्योगपतियों और विभिन्न संगठनों से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में निवेश और औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More