
11वें अखिल भारतीय तेलुगु सम्मेलन-2026 में शामिल हुए मुख्यमंत्री, बोले— छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज का रिश्ता केवल संस्कृति नहीं, आत्मीयता और विश्वास का भी प्रतीक
Kpn24.com रायपुर 21 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास और समृद्धि में तेलुगु समाज की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है। व्यापार, शिक्षा, उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों में समाज के लोगों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और उद्यमशीलता से विशिष्ट पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री शनिवार को राजधानी रायपुर के देवेन्द्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित 11वें अखिल भारतीय तेलुगु सम्मेलन-2026 में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने तेलुगु समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रदेश के विकास में उसके योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज के बीच दशकों पुराना आत्मीय संबंध है। समाज के लोगों ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए छत्तीसगढ़ को अपनी कर्मभूमि बनाया है। प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक जीवन में उनकी सक्रिय भागीदारी विविधता में एकता की भावना को मजबूत करती है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ में आंध्रा एसोसिएशन की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन ने सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण और सेवा भावना के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का प्रयास भी सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र जैसे प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में तेलुगु समाज के इंजीनियरों, प्रबंधकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज की मेहनत, अनुशासन और उद्यमशीलता ने प्रदेश के औद्योगिक विकास को मजबूती प्रदान की है।
रायपुर-विशाखापत्तनम सड़क मार्ग से बढ़ेंगे व्यापार के अवसर
मुख्यमंत्री साय ने रायपुर से विशाखापत्तनम तक भारतमाला परियोजना के अंतर्गत विकसित हो रहे सड़क मार्ग को दोनों राज्यों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से यात्रा का समय और दूरी कम होगी। साथ ही माल परिवहन, व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मातृभाषा, संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण प्रत्येक समाज की जिम्मेदारी है। ऐसे राष्ट्रीय सम्मेलन विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आपस में जोड़ने और अपनी सांस्कृतिक विरासत अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करते हैं।
सम्मेलन में आंध्र प्रदेश के बैरमपुर से आए रिंग डांस समूह, श्री बालाजी विद्या मंदिर के विद्यार्थियों और अन्य कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक नृत्य और संगीत के माध्यम से तेलुगु समाज की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, रायपुर आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष जी. स्वामी, आर. सुब्बा राव, श्रीनिवास पटनायक सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे।










