
KPN24.com जांजगीर-चांपा 24 मार्च 2026
जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिले में दहशत फैलाने वाले खतरनाक गिरोह पर बड़ा शिकंजा कसते हुए जानलेवा हमला, हत्या के प्रयास, डकैती और लूटपाट जैसी 6 अलग-अलग वारदातों के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी रामनाथ गोंड उर्फ रामनाथ सबरिया (23 वर्ष) निवासी राहौद, थाना शिवरीनारायण है। इस मामले में पहले ही 07 आरोपी और 02 विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया जा चुका है।
सुनसान रास्तों पर बनाते थे शिकार
आरोपियों का गिरोह मोटरसाइकिल पर घूमते हुए सुनसान इलाकों में लोगों को रोकता था।
फिर गाली-गलौच करते हुए लोहे की रॉड, पाइप और डंडों से बेरहमी से हमला कर देता था।
इसके बाद पीड़ितों से मोबाइल फोन और नकदी लूटकर फरार हो जाता था।
एक ही रात में कई वारदात, दहशत का माहौल
29 जनवरी 2026 की रात शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम कचंदा के पास नहर पार कच्चे रास्ते में आरोपियों ने तीन अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया।
इन हमलों में मुकेश रायसागर गंभीर रूप से घायल हुआ।
वहीं 27 जनवरी को पामगढ़ क्षेत्र के जोगिया नाला पुल, ग्राम मेउ और चेऊडीह में भी आरोपियों ने अलग-अलग घटनाओं में मारपीट कर लूटपाट की थी।
साइबर सेल और CCTV से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने विशेष टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए।
साइबर सेल की मदद से CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई।
मुख्य आरोपी रामनाथ गोंड, जो पहले से हत्या के प्रयास के एक अन्य मामले में जेल में बंद था, को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।
लूट का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
घटना में प्रयुक्त स्टील पाइप
5 लूटे गए मोबाइल फोन (रियलमी, ओप्पो, जिओ)
बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस बड़ी कार्रवाई में थाना शिवरीनारायण और पामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई।
निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, सावन सारथी सहित पूरी टीम और पुलिस सहायता केंद्र राहौद के स्टाफ का योगदान सराहनीय रहा।










