"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

चंदखुरी में कायस्थ मंगल भवन का भव्य लोकार्पण, सामाजिक एकजुटता और विकास का नया केंद्र बना

KPN24.com रायपुर 30 मार्च 2026

छत्तीसगढ़ की पावन धरा चंदखुरी में आज सामाजिक समरसता और संगठन की एक नई मिसाल कायम हुई, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भव्य कायस्थ मंगल भवन का लोकार्पण किया। माता कौशल्या की पावन भूमि पर बने इस भवन को सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गतिविधियों और जनसुविधाओं के नए केंद्र के रूप में देखा जा रहा है।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कायस्थ समाज को बधाई देते हुए कहा कि यह भवन केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता, संगठन और विकास की भावना का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज सदैव से प्रबुद्ध, जागरूक और दूरदर्शी रहा है तथा देश और प्रदेश की प्रगति में इस समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। शासन-प्रशासन से लेकर शिक्षा, साहित्य और सामाजिक नेतृत्व तक, हर क्षेत्र में इस समाज का योगदान प्रेरणादायी रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा तैयार किए जा रहे विजन डॉक्यूमेंट में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्हें विश्वास है कि कायस्थ समाज इस दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग देगा और प्रदेश के विकास में अपनी सार्थक भूमिका निभाएगा।
उन्होंने प्रदेश में तेजी से बढ़ रही कनेक्टिविटी का भी उल्लेख करते हुए बताया कि अब अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू की गई है, जिससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही राज्य सरकार के बजट में सीजी वायु योजना के माध्यम से प्रदेश के सभी हवाई अड्डों के विकास का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि कार्गो सेवा शुरू होने से किसानों को भी अपने उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ मंगल भवन समाज की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता की पूर्ति का परिणाम है। यह भवन केवल एक समाज के लिए नहीं, बल्कि सर्व समाज के लिए उपयोगी होगा। यहां सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
वी.वाय. हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. पूर्णेंदु सक्सेना ने कहा कि इस भवन का निर्माण समाज के सामूहिक सहयोग और समर्पण से संभव हो पाया है। माता कौशल्या की पावन भूमि पर इसका निर्माण हम सभी के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह भवन आने वाले समय में समाज और क्षेत्र के लिए शुभ कार्यों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन सहित कायस्थ समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More