
KPN24.com जांजगीर-चांपा 30 मार्च 2026
एसपी विजय कुमार पाण्डेय की सख्त कार्रवाई, SDOP को सौंपी गई जांच
जिले के अकलतरा थाना में पदस्थ उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। मारपीट के मामले में विधिसम्मत तरीके से एफआईआर दर्ज न करने और दोनों पक्षों पर समझौते का दबाव बनाने के आरोप में उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार 27 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे ग्राम रोगदा निवासी प्रकाश नोरगे मारपीट की शिकायत लेकर अकलतरा थाना पहुंचे थे। शिकायत में उन्होंने विनोद सहित अन्य आरोपियों द्वारा मारपीट किए जाने की बात कही थी।
बताया गया कि उस समय थाना में मौजूद उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार साहू ने मामले में तुरंत कानूनी धाराओं के तहत अपराध दर्ज करने के बजाय दोनों पक्षों को थाने में ही समझौता करने के लिए दबाव बनाया और एफआईआर दर्ज नहीं की।
मामले की शिकायत सामने आने के बाद इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार साहू को निलंबित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था के मामलों में लापरवाही या नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी को सौंपी गई है।
पुलिस विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










