
KPN24.com जांजगीर-चांपा 01 अप्रैल 2026
प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विष्णु देव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं को सशक्त बनाने की मुहिम के तहत जिले को आधुनिक तकनीक से लैस नई एम्बुलेंस सेवाओं की सौगात मिली है।
जिला चिकित्सालय जांजगीर से पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े तथा जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता मिरी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित 108 संजीवनी की 6 नई एम्बुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन एम्बुलेंसों के शुरू होने से जिले के मरीजों को आपात स्थिति में तेज़ और बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिता श्रीवास्तव ने बताया कि नई एम्बुलेंसों में मरीजों को मौके पर ही प्राथमिक और उन्नत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इनमें बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ईसीजी मॉनिटर, ग्लूकोमीटर जैसी जांच सुविधाओं के साथ ऑक्सीजन सपोर्ट, नेब्युलाईजेशन और अन्य आपातकालीन उपचार व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने बताया कि गंभीर मरीजों के सुरक्षित स्थानांतरण के लिए एम्बुलेंसों में पोर्टेबल वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर मॉनिटर, सिरिंज पंप और लैरिंजोस्कोप जैसे उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। नई सेवाओं में 5 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और 1 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस शामिल हैं, जो जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और तेज व प्रभावी बनाएंगी।
इस अवसर पर सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एस. कूजूर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) उत्कर्ष तिवारी, अस्पताल प्रबंधक अंकित ताम्रकार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनता को मिलेगा त्वरित उपचार का लाभ
नई एम्बुलेंस सेवाओं के शुरू होने से जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गति दोनों में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को भी समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।










