
श्री राम भिक्षुक धर्म जागरण सेवा समिति ने प्रेस वार्ता में दी आयोजन की विस्तृत जानकारी
KPN24.com जांजगीर-चांपा 04 अप्रैल 2026
विश्व शांति, मानव कल्याण और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार की भावना के साथ जांजगीर शहर में 21 अप्रैल को एक भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। श्री राम भिक्षुक धर्म जागरण सेवा समिति के तत्वावधान में हाई स्कूल मैदान में 501 पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन और जलाभिषेक का विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आयोजन को लेकर समिति के पदाधिकारियों ने शनिवार को एक होटल में प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इसमें शामिल होने की अपील की।
समिति के अभिषेक शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत पवित्र मिट्टी से 501 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया जाएगा और विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन, जलाभिषेक तथा श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद सभी शिवलिंगों का धार्मिक परंपरा के अनुसार नदी में विसर्जन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिवलिंग निर्माण के लिए टिला और तालाब की पवित्र मिट्टी का उपयोग किया जाएगा। कार्यक्रम में लगभग 501 सनातनी परिवार पूजन में शामिल होंगे। प्रत्येक परिवार से 2100 रुपये का सहयोग निर्धारित किया गया है, जिसमें पूजन सामग्री से लेकर भोजन प्रसाद तक की पूरी व्यवस्था समिति द्वारा की जाएगी।
महादेव को ही माना जाएगा मुख्य अतिथि
कार्यक्रम के दौरान सर्व आचार्यों का प्रवेश, भगवान शिव का जलाभिषेक, श्रृंगार और महाप्रसाद वितरण जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। श्रद्धालु 50 ग्राम दूध से भगवान शिव का अभिषेक करेंगे।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन में किसी विशेष अतिथि को आमंत्रित नहीं किया जाएगा, बल्कि स्वयं महादेव को ही अतिथि स्वरूप मानकर पूजा-अर्चना की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह का आयोजन पिछले तीन वर्षों से बिलासपुर में सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है और अब जांजगीर-चांपा में इसे पहली बार भव्य रूप में आयोजित किया जा रहा है।
सभी वर्गों के लिए खुला रहेगा आयोजन
समिति के अनुसार इस धार्मिक आयोजन में सभी जाति और वर्ग के लोग शामिल हो सकते हैं। पूजन में बैठने के लिए पति-पत्नी होना अनिवार्य नहीं है, बल्कि भाई-बहन या परिवार के अन्य सदस्य भी एक साथ बैठकर पूजा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व अनेक चुनौतियों और संकटों से गुजर रहा है। ऐसे में भगवान शिव की आराधना के माध्यम से विश्व शांति, सद्भाव और मानवता के कल्याण की कामना की जाएगी।
प्रेस वार्ता में प्रदीप राठौर, गोपाल, अशोक शर्मा, राघवेंद्र पांडेय, प्रफुल्ल तिवारी, उपेंद्र तिवारी, रोहित शुक्ला और चंकी तिवारी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
ड्रोन से होगा गुलाब जल का छिड़काव
कार्यक्रम को और अधिक भव्य और आध्यात्मिक बनाने के लिए आयोजन स्थल पर ड्रोन के माध्यम से श्रद्धालुओं पर गुलाब जल का छिड़काव किया जाएगा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और सुगंधित रहेगा।
सुरक्षा के लिए चार दमकल वाहन रहेंगे तैनात
आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। चार दमकल वाहनों को कार्यक्रम स्थल पर तैनात किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
जांजगीर में पहली बार होगा इतना बड़ा सामूहिक अभिषेक
समिति के अनुसार जांजगीर शहर में 501 पार्थिव शिवलिंग निर्माण और सामूहिक अभिषेक का यह पहला और सबसे बड़ा आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना करेंगे।
श्रद्धालुओं को मिलेगा रुद्राक्ष
कार्यक्रम में शामिल होने वाले भक्तों को आस्था और स्मृति के प्रतीक के रूप में रुद्राक्ष वितरित किया जाएगा।
पूजन सामग्री की पूरी व्यवस्था
श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूजन की संपूर्ण सामग्री समिति द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि सभी भक्त सहज रूप से पूजा में भाग ले सकें।
5000 श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था
आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए लगभग 5000 लोगों के लिए महाप्रसाद (भंडारा) की विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि हर भक्त इस धार्मिक आयोजन का प्रसाद ग्रहण कर सके।











