"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

छत्तीसगढ़ में सड़क विकास को बड़ी रफ्तार – 708 करोड़ से बनेंगी 15 नई फोरलेन सड़कें

90.5 किमी लंबाई के मार्गों का होगा निर्माण, कई जिलों में सुधरेगा यातायात और बढ़ेगी आर्थिक रफ्तार

KPN24.com रायपुर 8 अप्रैल 2026

प्रदेश में सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। लोक निर्माण विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में 15 नई फोरलेन सड़कों के निर्माण के लिए 708 करोड़ 21 लाख 35 हजार रुपये की स्वीकृति दी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मंजूर इस राशि से कुल 90.5 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण किया जाएगा।

इससे न केवल यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित होगा बल्कि प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि फोरलेन सड़कों का विस्तार प्रदेश के विकास की मजबूत आधारशिला है। इन सड़कों के बनने से जाम की समस्या कम होगी, यात्रा समय घटेगा और कृषि, व्यापार, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं को भी सीधा लाभ मिलेगा।
दुर्ग जिले में कई प्रमुख मार्गों को मिलेगी फोरलेन सुविधा
लोक निर्माण विभाग ने दुर्ग जिले में कई महत्वपूर्ण मार्गों के चौड़ीकरण और निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की है। इसमें दुर्ग-धमधा-बेमेतरा अंडर ब्रिज से अग्रसेन चौक तक 0.5 किमी फोरलेन सड़क के लिए 3.41 करोड़ रुपये, स्मृति नगर पेट्रोल पंप से आईआईटी जेवरा सिरसा तक 7 किमी मार्ग के लिए 20.64 करोड़ रुपये, मिनी माता चौक से महाराजा चौक-ठगड़ा बांध तक 4.70 किमी फोरलेन मार्ग के लिए 28.58 करोड़ रुपये तथा महाराजा चौक से बोरसी चौक तक 1.80 किमी सड़क के लिए 23.97 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
रायगढ़ में बायपास सहित कई मार्गों का होगा चौड़ीकरण
रायगढ़ जिले में ढिमरापुर चौक से कोतरा थाना चौक तक 2.50 किमी सड़क चौड़ीकरण के लिए 41.49 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा रायगढ़-कोतरा-नंदेली राज्य मार्ग के किमी 1 से 5 तक फोरलेन विस्तार के लिए 55.29 करोड़ रुपये तथा रायगढ़-लोईंग-महापल्ली मार्ग के किमी 1 से 5 तक विद्युतीकरण सहित चौड़ीकरण के लिए 81.48 करोड़ रुपये दिए गए हैं। साथ ही 6 किमी लंबे तमनार फोरलेन बायपास के निर्माण के लिए 152.17 करोड़ रुपये की बड़ी राशि स्वीकृत हुई है।
रायपुर, अंबिकापुर और बिलासपुर में भी बड़ी परियोजनाएं
रायपुर जिले में अभनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर 2.8 किमी सड़क को फोरलेन में उन्नत करने के लिए 17.09 करोड़ रुपये तथा राजिम में नवीन मेला स्थल से लक्ष्मण झूला तक 3.50 किमी सड़क निर्माण के लिए 34.20 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
अंबिकापुर में गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5 किमी सड़क चौड़ीकरण के लिए 61.34 करोड़ रुपये तथा बिलासपुर में 13.40 किमी लंबे कोनी-मोपका फोरलेन बायपास मार्ग के लिए 82.80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं कोटा-लोरमी-पंडरिया मार्ग में 21 किमी सड़क के फोरलेन चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 14.71 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
जशपुर और कबीरधाम में भी सड़क विकास को बढ़ावा
जशपुर जिले में कुल 7.30 किमी लंबाई की तीन सड़कों को फोरलेन में उन्नयन और मजबूतीकरण के लिए 36.85 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें पत्थलगांव के इंदिरा चौक से जशपुर रोड, अंबिकापुर रोड और रायगढ़ रोड शामिल हैं।
इसके अलावा कबीरधाम जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के किमी 50 से 57 तक सड़क को फोरलेन में उन्नत करने और डिवाइडर निर्माण के लिए 54.21 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
विकास और कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य में सुरक्षित और बेहतर आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। फोरलेन सड़कों का विस्तार केवल यातायात सुविधा ही नहीं बढ़ाएगा बल्कि प्रदेश की आर्थिक प्रगति, व्यापारिक गतिविधियों और ग्रामीण-शहरी कनेक्टिविटी को भी नई दिशा देगा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More