
मनीष विद्यार्थी बड़वानी
KPN24. Com बड़वानी 08 अप्रैल 2026
मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गर्माता जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राजपुर विधायक बाला बच्चन ने बुधवार को बड़वानी में मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस को राज्यसभा तक पहुंचने से रोकने के लिए सियासी षड्यंत्र रच रही है।
पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन ने कहा कि भाजपा पहले भी विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सरकारें बनाने का प्रयास करती रही है। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश में भी 27 विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सरकार बनाई गई थी और इसी तरह के राजनीतिक प्रयोग अन्य राज्यों में भी देखने को मिले हैं। उनके मुताबिक इस तरह की राजनीति लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करती है।
बाला बच्चन ने बताया कि उमंग सिंघार को राज्यसभा चुनाव को लेकर संभावित ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ की आशंका की जानकारी मिली है। इसी वजह से कांग्रेस पार्टी अपने विधायकों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दे चुकी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस द्वारा घोषित उम्मीदवार के पक्ष में सभी विधायक एकजुट होकर मतदान करेंगे और उसे राज्यसभा तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे। बाला बच्चन ने कहा कि बड़वानी जिले के तीनों कांग्रेस विधायक पूरी तरह सजग हैं और पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं।
पूर्व गृहमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी राज्यसभा चुनाव को लेकर अलर्ट मोड में है और पार्टी अपने विधायकों के समर्थन से राज्यसभा में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करेगी।
(राजनीतिक हलकों में इस बयान के बाद राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की सियासत और गरमा गई है।)










