
KPN24.com रायपुर 13 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महिला आरक्षण देश की आधी आबादी को उनका उचित अधिकार दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। मुख्यमंत्री निवास रायपुर में विज्ञान भवन, नई दिल्ली से प्रसारित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुना गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षण देश की मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का ऐतिहासिक अवसर है।
उन्होंने कहा कि ‘पंचायत से संसद तक’ महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना नए भारत की सशक्त तस्वीर प्रस्तुत करता है।
मुख्यमंत्री के अनुसार निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की सीधी भागीदारी ही विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगी।
16 अप्रैल को संसद में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर चर्चा इस ऐतिहासिक पहल को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कदम होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव उच्च स्थान प्राप्त रहा है और समाज निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
सरकार की विभिन्न योजनाओं से महिलाएँ आत्मनिर्भरता और सम्मान के साथ आगे बढ़ रही हैं।
छत्तीसगढ़ में महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता, स्थानीय निकायों में 50% आरक्षण देकर नेतृत्व के अवसर प्रदान किए गए हैं।
‘महतारी वंदन योजना’ के माध्यम से माताओं-बहनों को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में महिला आरक्षण की चर्चा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ ‘महतारी गौरव वर्ष’ मना रहा है, जो प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने मातृशक्ति और महिला संगठनों से आह्वान किया कि वे हर मंच पर अपनी आवाज़ बुलंद करें और परिवर्तन की यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाएँ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा तथा समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।
अंत में उन्होंने कहा, “जब नारी सशक्त होती है, तभी राष्ट्र सशक्त बनता है।”
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










