
KPN24.com सक्ती 14 अप्रैल 2026
जिले के डभरा थाना क्षेत्र स्थित सिंघीतराई के वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर हुए भीषण बॉयलर विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। हादसे में अब तक 9 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए हैं। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हादसे से जुड़ी अहम बातें
दोपहर करीब 2 बजे हुआ भीषण विस्फोट – सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में काम के दौरान अचानक बॉयलर ब्लास्ट हो गया।
मौतों का आंकड़ा बढ़कर 9 पहुंचा – शुरुआती जानकारी में 5 मजदूरों की मौत हुई थी, लेकिन बाद में इलाज के दौरान संख्या बढ़कर 9 हो गई।
30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे – विस्फोट के कारण कई श्रमिक आग और गर्म भाप की चपेट में आ गए।
घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती – 11 घायलों को खरसिया के पद्मावती अस्पताल और करीब 15 घायलों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्यूब फटने से हादसे की आशंका – प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बॉयलर की ट्यूब फटने के कारण यह भीषण विस्फोट हुआ।
घटना के बाद मची भगदड़ – विस्फोट की तेज आवाज से प्लांट परिसर में अफरा-तफरी फैल गई और मजदूर जान बचाने के लिए भागते नजर आए।
पुलिस-प्रशासन और राहत दल मौके पर – सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
जांच के आदेश, तकनीकी टीम तैनात – प्रशासन ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
औद्योगिक सुरक्षा पर उठे सवाल – इस भीषण हादसे के बाद स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों के बेहतर इलाज और राहत कार्य पर है, जबकि पूरे मामले की विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।










