
KPN24.com जांजगीर-चांपा 20 अप्रैल 2026
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से जब्त किए गए करीब 63 लाख रुपए मूल्य के अवैध गांजा और नशीली टेबलेट को आज विधिवत नष्ट कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 123 किलो गांजा और भारी मात्रा में नशीली टेबलेट को Prakash Industries Private Limited के प्लांट (भट्ठी) में जलाकर पूरी तरह खत्म किया गया। यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में संपन्न हुई।
इस पूरे अभियान का संचालन प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन में किया गया, वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने मार्गदर्शन प्रदान किया।
नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार की जा रही ऐसी कार्रवाइयों से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
नष्टिकरण की इस प्रक्रिया में ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहे, जिनमें सहायक आबकारी आयुक्त नीलिमा डिग्रेसकर, पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी राजाराम वैष्णव, थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव सहित पुलिस और प्लांट स्टाफ के अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।
पुलिस की इस निर्णायक कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि जांजगीर-चांपा में नशे के खिलाफ अभियान अब और तेज और असरदार होने वाला है।










