
KPN24.com बिर्रा जांजगीर-चांपा 16 मई 2026
वर्षों के संघर्ष, न्यायालयीन लड़ाई और अटूट विश्वास के बाद आखिरकार सत्य की जीत हुई। बिर्रा नगर के होनहार युवा अमित कुमार भारद्वाज को डिप्टी कलेक्टर पद के लिए ज्वाइनिंग लेटर जारी होते ही पूरे नगर में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके निवास पर शुभचिंतकों, मित्रों और समर्थकों का तांता लग गया। लोगों ने फूलमाला, गुलदस्ते और मिठाई देकर उनका भव्य स्वागत किया, वहीं नगर में जगह-जगह आतिशबाजी और पटाखों की गूंज देर रात तक सुनाई देती रही।
माहौल ऐसा था मानो बिर्रा में दीपावली उतर आई हो।
अमित कुमार भारद्वाज का चयन राज्य लोकसेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा 2021 में उप जिलाध्यक्ष (डिप्टी कलेक्टर) पद के लिए हुआ था। इससे पहले भी उन्होंने वर्ष 2018, 2019, 2020 और 2021 में लगातार प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। हालांकि चयन सूची से जुड़े विवाद और न्यायालयीन प्रक्रिया के चलते नियुक्ति लंबे समय तक अटकी रही और मामला उच्च न्यायालय से होते हुए माननीय सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंचा।
लंबी कानूनी लड़ाई के बाद माननीय सुप्रीम कोर्ट ने उच्च न्यायालय के फैसले को बरकरार रखते हुए सभी 11 डिप्टी कलेक्टर अभ्यर्थियों के पक्ष में ऐतिहासिक निर्णय सुनाया। इसके बाद राज्य सरकार ने सभी चयनित अधिकारियों को ज्वाइनिंग लेटर जारी कर मूल स्थापना में पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए।
तीन वर्षों के संघर्ष के बाद आए इस फैसले से अमित भारद्वाज के परिवार और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और देर रात तक जश्न का दौर चलता रहा। सोशल मीडिया और मोबाइल फोन के माध्यम से भी लगातार शुभकामनाएं दी जाती रहीं।
अमित कुमार भारद्वाज की पहली पदस्थापना दंतेवाड़ा जिला में डिप्टी कलेक्टर पद पर हुई है। उन्होंने अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे माननीय न्यायालय के फैसले का सम्मान करते हैं और न्याय व्यवस्था पर उनका विश्वास हमेशा अटूट रहा है। उन्होंने कहा कि “न्याय सर्वोपरि है और सत्य की हमेशा जीत होती है।”
इस अवसर पर उनके पिता एसडीएम तुलाराम भारद्वाज, माता-पिता, परिवारजन, रिश्तेदारों सहित नगर के गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।










