
220 केवी धमधा-गैंदपुर डबल सर्किट लाइन हुई ऊर्जीकृत, ट्रांसमिशन क्षमता में बड़ा इज़ाफा
KPN24.com रायपुर, 16 मई 2026
छत्तीसगढ़ में विद्युत अधोसंरचना को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी द्वारा पॉवर ग्रिड के 765 केवी उपकेंद्र धमधा से स्टेट ग्रिड के लिए 220 केवी गैंदपुर नई डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन को सफलतापूर्वक स्थापित कर ऊर्जीकृत कर दिया गया है।
इस महत्वपूर्ण परियोजना के शुरू होने से प्रदेश की विद्युत आपूर्ति क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और पांच जिलों में अब और अधिक भरोसेमंद तथा गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध हो सकेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं प्रमुख सचिव ऊर्जा तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह के मार्गदर्शन में यह महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण किया गया। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने विधिवत इस लाइन का ऊर्जीकरण किया।
प्रबंध निदेशक श्री शुक्ला ने बताया कि दुर्ग जिले के धमधा-मेड़ेसरा स्थित पावर ग्रिड के 765/400/220 केवी उपकेंद्र से 220 केवी धमधा-गैंदपुर ट्रांसमिशन लाइन का सफल चार्जिंग एवं सिंक्रोनाइजेशन किया गया है। इस नई डबल सर्किट लाइन के शुरू होने से गैंदपुर (कवर्धा), मुंगेली, बेमेतरा और सुहेला स्थित 220 केवी उपकेंद्रों के बीच बिजली का आदान-प्रदान पहले की तुलना में अधिक सुगम और मजबूत हो जाएगा। जहां पहले इस क्षेत्र में 220 केवी की तीन लाइनें थीं, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
इस परियोजना का सीधा लाभ राजनांदगांव, कवर्धा, मुंगेली, बेमेतरा और बलौदाबाजार-भाठापारा जिलों को मिलेगा। नई लाइन के कारण किसी तकनीकी खराबी की स्थिति में भी विद्युत आपूर्ति बाधित नहीं होगी और वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से सप्लाई जारी रखी जा सकेगी। इससे औद्योगिक इकाइयों, किसानों तथा घरेलू उपभोक्ताओं को बेहतर, स्थिर और निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (लाइन) संजय पटेल, कार्यपालक निदेशक (पीसी एवं आरए) के. एस. मनोठिया, कार्यपालक निदेशक (ट्रांसमिशन) वी. के. दीक्षित, मुख्य अभियंता (प्रोजेक्ट) पी. गोसावी, मुख्य अभियंता (सब-स्टेशन) अब्राहम वर्गीस एवं अतिरिक्त मुख्य अभियंता मनोज राय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।










