"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

करही गोलीकांड पर पुलिस का बड़ा एक्शन :- एयरपोर्ट से सीधे घटना स्थल पहुंचे SP विजय कुमार पाण्डेय, आरोपियों की तलाश में शुरू हुआ “ऑपरेशन हंट”

KPN24.com जांजगीर-चांपा 17 मई 2026

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में जांजगीर-चांपा पुलिस ने ग्राम करही गोलीकांड मामले में तेज और सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले के बिर्रा क्षेत्र अंतर्गत हुए सनसनीखेज गोलीकांड के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डेय राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में आयोजित 06 सप्ताह के IPS इंडक्शन प्रशिक्षण कोर्स में शामिल होने गए हुए थे। प्रशिक्षण समाप्त होते ही वे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे और बिना समय गंवाए सीधे ग्राम करही पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया।
घटना स्थल पर पहुंचते ही पुलिस अधीक्षक ने पूरे घटनाक्रम की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने बिर्रा थाना प्रभारी एवं साइबर टीम से घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा मृतक के परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा भी दिया गया।
गोलीकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन हंट” शुरू करने के निर्देश दिए। पुलिस की अलग-अलग टीमों को संभावित ठिकानों पर रवाना कर दिया गया है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक एवं बिर्रा थाना प्रभारी जयकुमार साहू भी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More