
KPN24.com रायपुर 27 मई 2026
प्रदेश में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से सतर्कता, मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की भावुक अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय केवल खुद को सुरक्षित रखने का नहीं, बल्कि जरूरतमंदों और कमजोर वर्गों के लिए सहारा बनने का भी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि तेज गर्मी के इस कठिन दौर में हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ आसपास के लोगों की भी चिंता करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से पर्याप्त पानी पीने, बाहर निकलते समय पानी साथ रखने और अनावश्यक रूप से तेज धूप में जाने से बचने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां बड़ी सुरक्षा का आधार बन सकती हैं। उन्होंने घरों, दुकानों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर राहगीरों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था करने की अपील करते हुए कहा कि मानवता का यह छोटा प्रयास किसी प्यासे और जरूरतमंद व्यक्ति के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों का ध्यान रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ती दिखाई दे तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर पानी, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ उपलब्ध कराए जाएं तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता दी जाए।
मुख्यमंत्री ने पशु-पक्षियों के प्रति भी संवेदनशीलता दिखाने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर, आंगन, छत या दुकान के बाहर पानी से भरा एक छोटा पात्र रखना भीषण गर्मी में बेजुबान जीवों के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह समय सेवा, संवेदना, सजगता और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करने का है। उन्होंने प्रदेशवासियों से एक-दूसरे का संबल बनने और मानवता के इस दायित्व को मिलकर निभाने की अपील की।










