
KPN24:- मध्य प्रदेश में अरब सागर से आ रही नमी ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। दिन में तीखी धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है, शाम के समय बादल छाने और कहीं छिटपुट तो कहीं जोरदार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार 17 मई तक मौसम का यही रुख बना रहेगा।
मंगलवार को राजधानी भोपाल सहित धार, इंदौर, रतलाम समेत कई जिलों में छिटपुट बारिश दर्ज की गई। पिछले 9 घंटों में सबसे अधिक 33 मिमी बारिश मलाजखंड में हुई। इसके बावजूद, दिन में तीखी धूप के कारण गुना, ग्वालियर, खजुराहो, मंडला, नरसिंगपुर, नौगांव, रीवा, सतना, सीधी, टीकमगढ़ और उमरिया में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। प्रदेश के 11 जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहता है।
मौसमी सिस्टम का प्रभाव
मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला के अनुसार तीन मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। अरब सागर से सौराष्ट्र तक एक द्रोणिका, पूर्वी उत्तर प्रदेश में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात और विदर्भ से केरल तक एक और द्रोणिका बनी हुई है। इनके कारण भारी मात्रा में नमी प्रदेश में पहुंच रही है, जिससे बारिश और उमस बढ़ रही है।
अगले 24 घंटों में भोपाल और नर्मदापुरम संभाग समेत बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, देवास, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, भींड, मुरैना समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है।










