
KPN24.com जांजगीर-चांपा 30 मई 2026
शिक्षा जगत को चार दशक से अधिक समय तक अपनी सेवाएं देने वाले शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कुरियारी के प्रधान पाठक ठंडाराम कश्यप के सेवानिवृत्ति अवसर पर ग्राम गोधना (महावीर मुहल्ला) जिला जांजगीर-चांपा में आज एक भव्य हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन न केवल उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान को सम्मानित करेगा, बल्कि साहित्य और हास्य रस से सराबोर एक यादगार सांस्कृतिक संध्या भी बनेगा।
जानकारी के अनुसार ठंडाराम कश्यप ने अपनी शासकीय सेवा का शुभारंभ 06 नवम्बर 1986 को किया था और 30 मई 2026 को वे 40 वर्षों की गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा पूर्ण कर सेवा निवृत्त हो रहे हैं। उनके सम्मान में आयोजित यह विशेष कवि सम्मेलन आज शनिवार, 30 मई 2026 को रात्रि 8:30 बजे ग्राम गोधना (महावीर मुहल्ला) में प्रारंभ होगा।
कार्यक्रम में प्रदेश के ख्यातिलब्ध कवि अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को हंसी, गीत, ग़ज़ल और काव्य रस की अनूठी सौगात देंगे। मंच पर बंशीधर मिश्रा (अकलतरा), गजराज महंत (भिलाई), मनीराम ‘मितान’ (सिमगा), कमलेश ‘धाकड़’ (बरमकेला) हास्य रस की फुहार बिखेरेंगे। वहीं उमाकांत टैगोर (जांजगीर) गीतों से समां बांधेंगे तथा सोमप्रभा तिवारी ‘नूर’ (कोटा-बिलासपुर) अपनी श्रृंगार गीत एवं ग़ज़ल प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी।
कवि सम्मेलन का संचालन एवं संयोजन सुप्रसिद्ध कवि शशिभूषण ‘स्नेही’ (बिलाईगढ़) करेंगे, जबकि जितेन्द्र तिवारी, बिर्रा संचालन में सहयोग प्रदान करेंगे।











