
KPN24.com जांजगीर-चांपा 30 मई 2026
जिले में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं पर करारा शिकंजा कसा है। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देश पर खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम लगातार अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने में जुटी हुई है।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम आमोदी (खपरीडीह) में अवैध रूप से भंडारित रेत के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लगभग 100 ट्रैक्टर रेत को वापस नदी में डलवाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ अब तक की महत्वपूर्ण कार्रवाइयों में माना जा रहा है।
इसी अभियान के तहत ग्राम पीथमपुर-भादा क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत मिलने पर संयुक्त जांच की गई। जांच के दौरान ग्राम भादा में नियमों के विपरीत चैन माउंट मशीन के माध्यम से रेत खनन किया जाना पाया गया। तत्काल कार्रवाई करते हुए एक चैन मशीन को जब्त कर मौके पर ही सीलबंद कर दिया गया।
वहीं ग्राम देवरहा में भी अवैध रेत खनन में संलिप्त एक अन्य चैन मशीन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे भी सीलबंद किया गया। प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दर्ज प्रकरणों की जांच छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत उत्खनन एवं व्यवसाय नियम, 2025 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्य बिंदु
✔ लगभग 100 ट्रैक्टर अवैध रेत वापस नदी में डलवाई गई।
✔ अवैध खनन में प्रयुक्त 2 चैन मशीनें सीलबंद।
✔ खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई।
✔ अवैध रेत माफियाओं पर प्रशासन का लगातार सख्त रुख।
✔ दोषियों पर नियमों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।











