"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

खाद माफियाओं पर कृषि विभाग का बड़ा प्रहार, 2638 बोरी रासायनिक खाद जब्त

कलेक्टर के निर्देश पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध भंडारण पकड़ाया, एक प्रतिष्ठान सीलबंद

KPN24.com जांजगीर-चांपा 30 मई 2026

जिले में किसानों के हितों की सुरक्षा तथा खाद की कालाबाज़ारी पर लगाम कसने के लिए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2638 बोरी रासायनिक उर्वरक जब्त किए हैं। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में उर्वरक निरीक्षकों की टीम ने विभिन्न निजी कृषि केंद्रों पर औचक निरीक्षण कर अनियमितताओं का खुलासा किया।

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मेसर्स दिशा सेल्स, चांपा में रासायनिक उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण में गंभीर अनियमितताएँ पाई गईं। इसके बाद उर्वरक (गुण नियंत्रण) आदेश 1985 के तहत कार्रवाई करते हुए 1150 बोरी एनपीके 16:20:00:13 (एचयूआरएल), 428 बोरी एसएसपी (दानेदार), 630 बोरी एसएसपी (पाउडर) तथा 98 बोरी जिंकेटेड एसएसपी पर विक्रय प्रतिबंध लगाते हुए जब्ती की गई।
इसी क्रम में विकासखंड बलौदा के ग्राम पिसौद स्थित राजकुमार साहू कृषि केंद्र पर छापामार कार्रवाई के दौरान 98 बोरी यूरिया, 94 बोरी जिंकेटेड एसएसपी, 70 बोरी ट्रिपल सुपर फॉस्फेट तथा 70 बोरी एनपीके 16:20:00:13 (एचयूआरएल) का अवैध भंडारण पाया गया। विभाग ने तत्काल समस्त खाद जब्त कर विक्रय प्रतिष्ठान को सीलबंद कर दिया।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने, कालाबाज़ारी पर रोक लगाने तथा उर्वरकों के वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिले भर में सहकारी एवं निजी खाद विक्रय केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।
मुख्य बिंदु
🔹 2638 बोरी रासायनिक खाद जब्त
🔹 चांपा और पिसौद में बड़ी कार्रवाई
🔹 अवैध भंडारण पर एक प्रतिष्ठान सीलबंद
🔹 कालाबाज़ारी और अनियमितता पर कृषि विभाग सख्त
🔹 किसानों के हितों की सुरक्षा हेतु अभियान जारी

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More