"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी ही सबसे बड़ी ताकत : कोसरिया

एबीवीटीपीएस मड़वा में विश्व पर्यावरण संरक्षण सप्ताह का भव्य समापन, जागरूकता से लेकर पौधरोपण तक चले विविध अभियान

KPN24.com जांजगीर-चांपा 06 जून 2026

पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जल, जंगल और जमीन को बचाने के लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। यह बात छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस), मड़वा में आयोजित विश्व पर्यावरण संरक्षण सप्ताह के समापन अवसर पर मुख्य अभियंता एच.एन. कोसरिया ने कही।

उन्होंने कर्मचारियों एवं नागरिकों से पानी और ऊर्जा की बचत करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के छोटे-छोटे प्रयास भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करेंगे।
एबीवीटीपीएस मड़वा में 30 मई से 5 जून 2026 तक विश्व पर्यावरण संरक्षण सप्ताह उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियंता एस.डी. द्विवेदी, आलोक लकरा एवं एन. लकरा ने भी पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक (पर्यावरण) संजय कुमार झा ने पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पर्यावरणीय चुनौतियों एवं संरक्षण के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) द्वारा वर्ष 2026 के लिए निर्धारित थीम “प्रकृति से प्रेरित होकर जलवायु और भविष्य का संरक्षण करें” के अनुरूप पूरे सप्ताह विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सप्ताहभर चले आयोजनों में हरित प्रतिज्ञा, पर्यावरण आधारित चलचित्र प्रदर्शन, व्याख्यान, पोस्टर निर्माण, निबंध एवं नारा प्रतियोगिताएं, प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम तथा स्वच्छता अभियान प्रमुख आकर्षण रहे। कर्मचारियों, गृहिणियों एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अभियंता एवं अतिथियों के हाथों सम्मानित किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता, नारा लेखन एवं निबंध प्रतियोगिताओं में विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।
इस अवसर पर आयोजित पौधरोपण अभियान में अधिकारियों, कर्मचारियों, महिला मंडल की सदस्याओं तथा बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हरित भविष्य के संकल्प को मजबूत किया।
कार्यक्रम का समन्वय अधीक्षण अभियंता एन. साहा ने किया। संचालन सहायक प्रबंधक (पर्यावरण) संजय कुमार झा तथा आभार प्रदर्शन कार्यपालन अभियंता के.के. टोप्पो द्वारा किया गया।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More