"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

इंस्टाग्राम पर युवती के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल कर ₹70 हजार की उगाही का प्रयास

पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं दो सहयोगी आरोपी, साइबर तकनीक से मिली बड़ी सफलता

KPN24.com जांजगीर-चांपा 18 जून 2026

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक युवती के आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो वायरल कर ₹70 हजार की रकम की मांग करने वाले मुख्य आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल भी जब्त कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं चौकी प्रभारी नैला निरीक्षक रंजीत कुमार कँवर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने बिहार के रोहतास जिले से मुख्य आरोपी को दबोच लिया।
दोस्ती के जाल में फंसाकर बनाया ब्लैकमेलिंग का हथियार
पीड़िता द्वारा सिटी कोतवाली जांजगीर में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी अकबर खान ने इंस्टाग्राम के माध्यम से युवती से संपर्क कर मित्रता बढ़ाई। बाद में जांजगीर आकर उसने विश्वास में लेकर युवती के निजी फोटो एवं वीडियो बना लिए।
इसके बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री वायरल करना शुरू कर दिया तथा उसे हटाने के एवज में ₹70 हजार की मांग करने लगा। लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।
साइबर तकनीक से बिहार तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल की सहायता से इंस्टाग्राम आईडी और तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान आरोपी का लोकेशन बिहार राज्य में मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वहां दबिश दी और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में पूर्व में दो स्थानीय आरोपियों प्रेम कुमार सूर्यवंशी एवं शिवम भवानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी अकबर खान ने युवती के फोटो-वीडियो वायरल कर ब्लैकमेलिंग करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार मुख्य आरोपी
अकबर खान (20 वर्ष)
निवासी – ग्राम चूरेसर, थाना अमझोर, जिला रोहतास (बिहार)
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी
• प्रेम कुमार सूर्यवंशी (21 वर्ष), पाली भाठापारा, जांजगीर
• शिवम भवानी (19 वर्ष), स्कूल पारा, पाली, जांजगीर
इन पुलिस अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, चौकी प्रभारी नैला निरीक्षक रंजीत कुमार कँवर, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर तथा आरक्षक लीला राम साहू का विशेष योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More