"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

सराफा महा सम्मेलन 28 जून को : 2 साल बेमिसाल, तीसरा साल बनेगा नई मिसाल

छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से जुटेंगे स्वर्ण व्यवसायी, सुरक्षा, जीएसटी और व्यापारिक हितों पर होगा महा मंथन

KPN24.com बिलासपुर/जांजगीर-चांपा 20 जून 2026

छत्तीसगढ़ सराफा जगत के सबसे बड़े आयोजन “सराफा महा सम्मेलन-2026” का आयोजन आगामी 28 जून 2026, रविवार को रामदेव लॉन, मंगला, बिलासपुर में किया जाएगा। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के वर्तमान कार्यकाल की तृतीय आमसभा एवं महा सम्मेलन में प्रदेश के सभी जिलों से हजारों सराफा व्यापारी, स्वर्णकार एवं व्यवसायी एक मंच पर एकत्रित होंगे।

इस भव्य सम्मेलन की थीम “2 साल बेमिसाल, तीसरा साल बनेगा नई मिसाल” रखी गई है। आयोजन को लेकर बिलासपुर, जांजगीर-चांपा सहित प्रदेशभर के सराफा संगठनों ने युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
व्यापार और सुरक्षा के मुद्दों पर होगा बड़ा विमर्श
सम्मेलन में सराफा व्यापार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। इसमें छत्तीसगढ़ में ज्वेलरी पार्क की स्थापना, स्वर्णकला बोर्ड का गठन, व्यापारियों की सुरक्षा, व्यवसायिक चुनौतियां तथा व्यापारी हितों की रक्षा जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे।
द्वितीय सत्र में पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी व्यापारियों को कानून-व्यवस्था, सुरक्षा उपायों और अपराध नियंत्रण से संबंधित महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देंगे। वहीं जीएसटी एवं व्यापारिक नियमों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
ये होंगे सम्मेलन के प्रमुख अतिथि
सम्मेलन में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण मंच
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि यह महा सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं बल्कि सराफा व्यापार के भविष्य की दिशा तय करने वाला मंच है। सम्मेलन में लिए गए निर्णय व्यापारियों के हितों को नई मजबूती प्रदान करेंगे।
शशि ज्वेलर्स के संचालक शशिभूषण सोनी के अनुसार जिला बिलासपुर सराफा एसोसिएशन एवं उसकी सभी इकाइयों द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं और इस बार का आयोजन अब तक का सबसे भव्य सम्मेलन साबित होगा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More