
स्कूल जीर्णोद्धार, मुक्तिधाम निर्माण और बुनियादी सुविधाओं का लिया जायजा, ग्रामीणों की मांगों पर दिए आवश्यक निर्देश
KPN24.com जैजैपुर सक्ती 27 जून 2026
विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जमीनी स्तर पर आकलन करने के उद्देश्य से जिला पंचायत सक्ती के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन (आईएएस) ने जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटेतरा, बर्रा, मलनी और नन्देली का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित विकास कार्यों का बारीकी से अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्राम कोटेतरा में सीईओ ने मिडिल स्कूल के जीर्णोद्धार एवं मुक्तिधाम आहाता निर्माण के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 75 वर्ष पुराने विद्यालय के जीर्णोद्धार के लिए स्वीकृत राशि अपर्याप्त होने के कारण कार्य अधूरा पड़ा है। उन्होंने शेष कार्यों को पूर्ण कराने के लिए अतिरिक्त राशि स्वीकृत करने की मांग रखी। सीईओ ने ग्रामीणों की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने प्राथमिक शाला का भी जायजा लिया। यहां प्रधान पाठक श्रीमती सरिता रानी खैरवार ने विद्यार्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त बेंच उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिस पर सीईओ ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ वासु जैन ने विभिन्न विकास कार्यों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर आरईएस विभाग के अनुविभागीय अधिकारी महेंद्र कपूर कुर्रे, उप अभियंता शरद कुमार देवांगन, समयपाल भुवनेश्वर साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










