"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

नवा रायपुर का टेक्सटाइल पार्क बनेगा रोजगार का नया हब, 11 हजार से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की दूरदर्शी पहल रंग लाई, पहली यूनिट के साथ औद्योगिक विकास को मिली नई रफ्तार

KPN24.com रायपुर 27 जून 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अब औद्योगिक विकास के नए युग की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। नवा रायपुर में विकसित हो रहा अत्याधुनिक टेक्सटाइल पार्क प्रदेश के युवाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए रोजगार का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और उद्योगों को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों का ही परिणाम है कि इस पार्क में पहली गारमेंट निर्माण इकाई की स्थापना का कार्य शुरू हो गया है।

करीब 235 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होने वाली इस पहली यूनिट में 4,600 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने 25 जून को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन किया। तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड यहां आधुनिक गारमेंट निर्माण इकाई स्थापित करेगी, जहां बच्चों के परिधान (किड्सवियर) और निट गारमेंट्स का निर्माण कर उन्हें यूरोप और अमेरिका सहित अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात किया जाएगा।
81 एकड़ में विकसित हो रहा आधुनिक टेक्सटाइल पार्क
नवा रायपुर में 81 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे इस टेक्सटाइल पार्क को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। यहां टेक्सटाइल, रेडीमेड गारमेंट, तकनीकी वस्त्र एवं सहायक उद्योगों के लिए अत्याधुनिक अधोसंरचना विकसित की जा रही है।
अब तक स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड, पुनीत क्रिएशन्स तथा दृष्टि डिजाइन्स एलएलपी को भूमि आवंटित की जा चुकी है। इन तीनों उद्योगों में लगभग 445 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिससे 11 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित होगा टेक्सटाइल पार्क
वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा पार्क में डामरीकृत सड़कें, आधुनिक जल निकासी व्यवस्था, विद्युत सब-स्टेशन, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट, प्रशासनिक भवन, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। बेहतर कनेक्टिविटी और मजबूत लॉजिस्टिक्स व्यवस्था इसे निवेशकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रही है।
नई औद्योगिक नीति से निवेशकों का बढ़ा भरोसा
राज्य सरकार की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में टेक्सटाइल एवं रेडीमेड गारमेंट उद्योग को थ्रस्ट सेक्टर का दर्जा दिया गया है। रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला कर्मचारियों के लिए 6 हजार रुपये प्रतिमाह तथा पुरुष कर्मचारियों के लिए 5 हजार रुपये प्रतिमाह तक की रोजगार सहायता पांच वर्षों तक देने का प्रावधान किया गया है।
सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों का असर यह है कि पिछले 18 महीनों में 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 1.6 लाख से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना जताई गई है। टेक्सटाइल के अलावा डेटा सेंटर, आईटी, फार्मास्यूटिकल्स, सेमीकंडक्टर तथा इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में भी बड़े निवेश प्रस्ताव छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि “नवा रायपुर का टेक्सटाइल पार्क छत्तीसगढ़ के युवाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार का सशक्त माध्यम बनेगा। राज्य सरकार निवेशकों को विश्वस्तरीय अधोसंरचना और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। उद्योगों के विस्तार से रोजगार, आर्थिक गतिविधियों और प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ को देश का अग्रणी टेक्सटाइल एवं गारमेंट निर्माण केंद्र बनाना है।”

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More