"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मड़वा पावर प्लांट के सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता को भावभीनी विदाई

40 वर्षों की उत्कृष्ट सेवाओं को पावर कंपनी ने किया सम्मानित

KPN24.com जांजगीर-चांपा 01 जुलाई 2026

अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस), मड़वा में जून माह में सेवानिवृत्त हुए कार्यपालन अभियंता अनूप चंद्रदेव वर्मा को पावर कंपनी परिवार की ओर से गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई दी गई। दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में उनके चार दशक से अधिक के समर्पित, अनुकरणीय एवं उत्कृष्ट योगदान को याद करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।

समारोह की अध्यक्षता मुख्य अभियंता एच.एन. कोसरिया ने की। उन्होंने श्री वर्मा की कार्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं सेवाभाव की सराहना करते हुए पावर कंपनी की ओर से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्हें स्मृतिचिह्न एवं सेवा प्रमाण-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता आलोक लकरा, आर.एल. ध्रुव, एस.डी. द्विवेदी एवं एन. लकरा सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री वर्मा के स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में बताया गया कि अनूप चंद्रदेव वर्मा ने विद्युत विभाग एवं पावर कंपनी में 40 वर्ष 03 माह 26 दिन तक उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डंगनिया (रायपुर) में ड्राफ्ट्समैन के पद से की थी। वर्ष 1992 में विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण कर कनिष्ठ अभियंता (प्रशिक्षु) बने और अपने उत्कृष्ट कार्यों के बल पर कार्यपालन अभियंता के पद तक पहुंचे।
समारोह के दौरान श्री वर्मा ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कल्याण अधिकारी आर.एस. टेकाम ने किया तथा उन्होंने श्री वर्मा के प्रेरणादायी सेवा जीवन का संक्षिप्त परिचय भी प्रस्तुत किया।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More