"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

ई-ऑफिस से बदलेगी कार्यसंस्कृति! छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी में एक माह का विशेष प्रशिक्षण अभियान शुरू

500 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने पहले ही दिन ऑनलाइन प्रशिक्षण लिया, कार्यालयीन कार्य होंगे पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और पेपरलेस।

KPN24.com रायपुर 2 जुलाई 2026

डिजिटल इंडिया अभियान को नई गति देते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी ने ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन के लिए एक माह का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ कर दिया है। अप्रैल 2026 से सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस लागू होने के बाद अब अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसकी कार्यप्रणाली में दक्ष बनाने के लिए यह व्यापक प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण का शुभारंभ 2 जुलाई से हुआ, जिसमें पहले ही दिन 500 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ऑनलाइन माध्यम से भाग लेकर ई-ऑफिस की विभिन्न सुविधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रथम पाली में प्रारंभिक प्रशिक्षण तथा द्वितीय पाली में जागरूकता एवं मध्यवर्ती स्तर का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण में ई-फाइल निर्माण एवं संचालन, डिजिटल पत्राचार, ऑनलाइन दस्तावेज प्रबंधन, फाइल ट्रैकिंग तथा ई-ऑफिस के अन्य महत्वपूर्ण मॉड्यूल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें मुख्यालय के साथ-साथ सभी क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी ऑनलाइन जुड़ेंगे।
पावर कंपनी प्रबंधन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से भाग लेने की अपील की है। प्रबंधन का लक्ष्य ई-ऑफिस प्रणाली का शत-प्रतिशत प्रभावी उपयोग सुनिश्चित कर कार्यालयीन कार्यों को डिजिटल, पारदर्शी, दक्ष और पूर्णतः पेपरलेस बनाना है। इससे कार्य निष्पादन में तेजी आएगी, अभिलेखों का सुव्यवस्थित प्रबंधन होगा तथा डिजिटल इंडिया अभियान को और मजबूती मिलेगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More