
महानदी में मिला साहेबलाल पटेल का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा
KPN24.com जांजगीर-चांपा 09 जुलाई 2026
7 जुलाई से लापता चल रहे बसंतपुर निवासी 64 वर्षीय बुजुर्ग का शव गुरुवार को ग्राम किकिरदा के पास महानदी में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बिर्रा पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नदी से बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान साहेबलाल पटेल (64 वर्ष), पिता मलेछराम पटेल, निवासी ग्राम बसंतपुर, थाना बिर्रा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि साहेबलाल पटेल 7 जुलाई की शाम घर से निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। परिजन और ग्रामीण लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे, लेकिन सफलता नहीं मिली।
गुरुवार को ग्राम किकिरदा स्थित महानदी में एक शव दिखाई देने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना बिर्रा की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। परिजनों ने शव की पहचान साहेबलाल पटेल के रूप में की।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग क्रमांक 23/26 कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण पानी में डूबना प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
थाना प्रभारी ने क्या कहा?
थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि साहेबलाल पटेल 7 जुलाई की शाम से लापता थे। गुरुवार को ग्राम किकिरदा के पास महानदी में उनका शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।










