
KPN24.com जांजगीर-चांपा 13 जुलाई 2026
साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए जांजगीर-चांपा जिले की बलौदा पुलिस ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर एक महिला की तस्वीरों को अश्लील रूप में संपादित कर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले श्रवण-बधिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
महिला के नाम से बनाई फर्जी इंस्टाग्राम आईडी
पुलिस के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति द्वारा महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसकी तस्वीरों को अश्लील रूप देकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा था। पीड़िता की शिकायत पर थाना बलौदा में अपराध दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई।
सांकेतिक भाषा से हुआ पूरे मामले का खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपी सुखसागर कुर्रे (24 वर्ष), निवासी हरदीविशाल, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी श्रवण-बधिर है। इसके बाद पुलिस ने श्रवण-बधिर विशेषज्ञ की सहायता से सांकेतिक भाषा में पूछताछ की। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यूट्यूब के माध्यम से इंस्टाग्राम चलाना सीखा और फिर महिला के नाम से फर्जी आईडी बनाकर उसकी तस्वीरों को संपादित कर अश्लील फोटो तैयार किए तथा सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इन अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा तथा सहायक उपनिरीक्षक रामदुलार साहू का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।










