
मनीष विद्यार्थी खरगोन मध्यप्रदेश
KPN24.com खरगोन 15 जुलाई 2026
समाज में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति आज एक गंभीर सामाजिक चुनौती बन चुकी है । इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है । नशे की लत न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि अपराधों की बढ़ती घटनाओं का भी प्रमुख कारण बनती है । इसी उद्देश्य को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा दिनांक 15 से 31 जुलाई तक प्रदेश भर में “नशे से दूरी है ज़रूरी – 2.0” जन-जागरूकता अभियान संचालित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं ।
इसी क्रम में आज खरगोन पुलिस द्वारा अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया । कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज, खरगोन सुश्री सिमाला प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति में 700 से अधिक पुलिसकर्मियों एवं छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई । इसके पश्चात डीआईजी महोदय के द्वारा हरी झंडी दिखाकर विशाल नशा मुक्ति जागरूकता रैली को रवाना किया गया ।
यह रैली पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए थाना कोतवाली खरगोन पर संपन्न हुई । रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “नशे से दूरी है ज़रूरी” तथा “नशा मुक्त समाज – सुरक्षित समाज” जैसे नारों के माध्यम से नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया ।
इस अवसर पर एस पी रविन्द्र वर्मा ने उपस्थित नागरिकों, छात्र-छात्राओं एवं मौजूद मीडिया कर्मीयों को संबोधित करते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है । इसके कारण कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियाँ, उच्च रक्तचाप, मानसिक रोग, स्मरण शक्ति में कमी एवं शारीरिक कमजोरी जैसी अनेक गंभीर समस्याएँ उत्पन्न होती हैं । उन्होंने कहा कि नशे की प्रवृत्ति व्यक्ति को अपराध की ओर भी प्रेरित करती है, जिससे परिवार एवं समाज दोनों प्रभावित होते हैं । इस अभियान का उद्देश्य केवल नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना ही नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है । यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहेगी, तभी एक सशक्त, सुरक्षित एवं विकसित भारत का निर्माण संभव होगा । कार्यक्रम के दौरान आमजन को नशा मुक्ति संबंधी जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए तथा आकर्षक सेल्फी पॉइंट भी स्थापित किए गए, जिससे अधिक से अधिक नागरिक अभियान से जुड़कर नशा मुक्ति का संदेश समाज तक पहुँचा सकें । अभियान के अंतर्गत आगामी 15 दिनों तक जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में रैली, जनसंवाद, विद्यालय एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण, नुक्कड़ नाटक, सोशल मीडिया अभियान, पम्पलेट वितरण तथा अन्य जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों एवं विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा । कार्यक्रम में एएसपी शहर बिट्टू सहगल, एएसपी ग्रामीण शकुन्तला रुहल, एसडीओपी खरगोन सौरभ तोमर, डीएसपी अनिल बामनिया, थाना प्रभारी कोतवाली बी.एल. मंडलोई, निरीक्षक गिरवर सिंह, थाना प्रभारी जैतापुर उप निरीक्षक सुदर्शन कलोसिया, पुलिस लाइन आरआई दीपेन्द्र स्वर्णकार, आरआई मुकेश हायरी, अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का बल, पत्रकारगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे.










