"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

किसान कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना का पुतला दहन, किसानों की समस्याओं पर सरकार को दी चेतावनी

मनीष विद्यार्थी खरगोन मध्यप्रदेश 

KPN24.com खरगोन 18 जुलाई 2026

खरगोन शहर के श्रीकृष्ण तिराहे पर शनिवार को जिला किसान कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना का पुतला दहन कर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल समाधान की मांग उठाई।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पुतला दहन रोकने और पुतले को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया, जबकि फायर ब्रिगेड ने जलते हुए पुतले पर पानी डालकर आग बुझाई। इस दौरान कुछ समय तक मौके पर हल्की गहमागहमी का माहौल बना रहा।
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष परसराम पाटीदार ने आरोप लगाया कि खाद वितरण में लागू टोकन व्यवस्था से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि किसानों को बिना किसी अनावश्यक बाधा के समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने प्रदेश में मूंग की फसल की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर शत-प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए।
परसराम पाटीदार ने बिजली संकट का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि लगातार बिजली कटौती से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। उन्होंने किसानों को प्रतिदिन 12 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो किसान कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन को और उग्र करेगी।
प्रदर्शन में संतोष पाटीदार, मांगीलाल पाटीदार, हुकुमचंद पाटीदार, जयंतीलाल पाटीदार, संतोष यादव, राजेश पाटीदार, पांडु यादव, भूपेंद्र पाटीदार, मांगीलाल राठौड़, कैलाश यादव, विजय कोचले, कादर बेग, राजेंद्र पवार, रेवाराम पाटीदार, राजाराम पाटीदार, केशव यादव, सुरेश पाटीदार, प्रकाश जोशी, नितेश मंडलोई, मुकेश गोले, देवेंद्र कर्मा, दीपू सोनी, देवेंद्र सोनी, अमित ठक्कर, प्रयाग मराठा, अरविंद्र चौधरी, हीरालाल परमार, गब्बू यादव, लड्डू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More