
KPN24.com जांजगीर-चांपा 20 जुलाई 2026
जिले में अवैध रूप से रह रहे अप्रवासियों, संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया कि जिले की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने मकान मालिकों, होटल संचालकों, ठेकेदारों, राइस मिलों, फैक्ट्रियों तथा अन्य संस्थानों से प्रत्येक किरायेदार एवं कर्मचारी का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने की अपील की।
शासकीय पुलिस वाहनों पर चस्पा किए गए हेल्पलाइन नंबर
पुलिस अधीक्षक ने अभियान की शुरुआत करते हुए पुलिस के शासकीय वाहनों पर टोल-फ्री और कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर चस्पा किए, ताकि आम नागरिक किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचा सकें।
सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर:
टोल-फ्री: 1800 233 1905
पुलिस कंट्रोल रूम, जांजगीर: 9479193199
आपातकालीन सहायता: 112
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस सत्यापन अब अनिवार्य
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए बाहरी व्यक्तियों का रिकॉर्ड रखना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिए कि—
मकान मालिक किरायेदार रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन कराएं तथा आधार कार्ड, फोटो और मोबाइल नंबर का रिकॉर्ड रखें।
ठेकेदार, राइस मिल, फैक्ट्री और अन्य संस्थान नए कर्मचारी को नियुक्त करने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं।
होटल, लॉज और धर्मशालाएं प्रत्येक आगंतुक का पहचान पत्र लेकर रजिस्टर में प्रविष्टि करें तथा संदिग्ध स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
सभी संस्थान आगंतुक एवं कर्मचारी रजिस्टर नियमित रूप से संधारित करें तथा सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखें।
नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई मकान मालिक किरायेदार की जानकारी छिपाता है या पुलिस सत्यापन नहीं कराता है, तो उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 224 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
“आपकी सतर्कता ही जिले की सुरक्षा”
प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, बाहरी व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि जिले में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अवैध रूप से रह रहे तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रेस वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, डीएसपी (अजाक) सतरूपा तारम तथा सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे भी उपस्थित रहीं।










