"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

160 श्रमवीरों ने पहाड़ी पर बोए 20 हजार पलाश के बीज, हरियाली की नई उम्मीद को मिली उड़ान

मनीष विद्यार्थी बुरहानपुर मध्यप्रदेश

बंभाड़ा की पहाड़ी पर पर्यावरण संरक्षण का अनूठा अभियान, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने श्रमदान कर दिया प्रकृति बचाने का संदेश

KPN24.com बुरहानपुर 25 जुलाई 2026

बंजर पहाड़ियों को हरियाली की चादर से ढकने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में ग्राम बंभाड़ा में एक प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। यहां की पहाड़ी पर 20 हजार पलाश के बीजों का बीजारोपण कर प्रकृति संरक्षण का मजबूत संदेश दिया गया। अभियान में करीब 160 श्रमवीरों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य की नींव रखी।

डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में अभिनव बाल विद्या मंदिर के विद्यार्थियों सहित ग्रामीणों और विभिन्न विभागों से जुड़े लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तपती धूप और कठिन पहाड़ी क्षेत्र की चुनौतियों की परवाह किए बिना श्रमवीरों ने बीजारोपण कर यह साबित किया कि सामूहिक इच्छाशक्ति और जनभागीदारी से बंजर भूमि को भी हराभरा बनाया जा सकता है।
अभियान के दौरान सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने भी प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए बीजारोपण में सक्रिय भागीदारी निभाई।
डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जनभागीदारी के माध्यम से ही बंजर पहाड़ियों को हरित क्षेत्र में बदला जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने तथा वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
यह अभियान महज बीजारोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनसहभागिता, पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक श्रम की मिसाल बनकर सामने आया। पहाड़ी पर बोए गए 20 हजार पलाश के बीज आने वाले वर्षों में जब हरियाली का रूप लेंगे, तब यह अभियान क्षेत्र के लिए पर्यावरण संरक्षण की एक नई पहचान बन सकता है।
अभियान में जुटे अधिकारी और समाजसेवी
बीजारोपण अभियान में तहसीलदार जितेंद्र अलावा, जिला श्रम अधिकारी कन्हैयालाल मोर, महिला एवं बाल विकास विभाग से विजय सोलंकी, सहायक अधीक्षक कलेक्ट्रेट बुरहानपुर प्रमोद मोदी, जन अभियान परिषद से मनीष कुवादे, गायत्री परिवार से मनोज तिवारी, संजय राठौड़, सुधीर गुप्ता, सरपंच प्रतिनिधि डॉ. प्रमोद सागर, विजय बगाड़े, शांताराम सोनी, संजय पाठक, मुरलीधर पाटिल और ज्ञानेश्वर चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
अब 1 लाख बीजारोपण का लक्ष्य, 300 श्रमवीर करेंगे श्रमदान
पर्यावरण मित्र संजय राठौड़ ने बताया कि अभियान को और व्यापक रूप देते हुए ग्राम निमपड़ाव और कालापाठ के बीच स्थित पहाड़ी क्षेत्र में वृहद स्तर पर बीजारोपण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत 1 लाख बीजों के बीजारोपण का लक्ष्य पूरा करने के लिए करीब 300 श्रमवीर श्रमदान करेंगे। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह पहल क्षेत्र की पहाड़ियों को हराभरा बनाने के अभियान को नई गति देने वाली साबित होगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More