
मनीष विद्यार्थी बुरहानपुर मध्यप्रदेश
बुरहानपुर में 6 से 7 हजार किसानों की मौजूदगी में सजा कृषि का महाकुंभ, प्राकृतिक और आधुनिक खेती के साथ कृषि नवाचारों की दी गई जानकारी
KPN24.com बुरहानपुर 31 जुलाई 2026
बुरहानपुर में आयोजित बलराम महोत्सव किसानों के उत्साह और जनभागीदारी का बड़ा केंद्र बन गया। किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव में जिलेभर से करीब 6 से 7 हजार किसानों ने शिरकत कर आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती और कृषि क्षेत्र में हो रहे नए नवाचारों की जानकारी हासिल की।
महोत्सव के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से किसानों से जुड़े। उन्होंने अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और आंधी-बारिश से प्रभावित केला उत्पादक किसानों को बड़ी राहत देते हुए 107.60 करोड़ रुपये की राहत राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की। राहत राशि मिलने पर किसानों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा के संकट के समय सरकार द्वारा त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम है।
कृषि तकनीक और नवाचारों से रूबरू हुए किसान
बलराम महोत्सव में कृषि विभाग के साथ कृषि विज्ञान केंद्र बुरहानपुर एवं कृषि विज्ञान केंद्र खरगोन के वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत खेती, प्राकृतिक एवं जैविक कृषि, कृषि यंत्रीकरण, उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
महोत्सव में विभिन्न कृषि कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। यहां आधुनिक कृषि यंत्रों, उन्नत तकनीकों और कृषि नवाचारों का प्रदर्शन किया गया। किसानों ने स्टॉलों का भ्रमण कर विशेषज्ञों से कृषि की नई तकनीकों और नवाचारों की उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
किसानों की आय बढ़ाना महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य
बलराम महोत्सव का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों से जोड़ना, उत्पादन क्षमता बढ़ाना, खेती की लागत को कम करना और किसानों की आय में वृद्धि के लिए उन्हें नई तकनीकों से परिचित कराना रहा। साथ ही शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में विधायक अर्चना चिटनिस, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, कलेक्टर हर्ष सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सजन सिंह वर्मा, पुलिस अधीक्षक संतोष बागरी, उप संचालक कृषि मनोहर सिंह देवके, अनुविभागीय कृषि अधिकारी सोनाली कमले सहित जनप्रतिनिधि, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।










