"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

प्रधानमंत्री मोदी से मुख्यमंत्री साय की मुलाकात, ‘बस्तर विजन’ पर हुई अहम चर्चा

₹10,500 करोड़ की यूरिया परियोजना से लेकर 461 गांवों की बिजली कनेक्टिविटी तक, केंद्र से मांगा सहयोग

KPN24.com रायपुर 31 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य भेंट कर छत्तीसगढ़ के समग्र विकास और विशेष रूप से बस्तर के बदलते स्वरूप को लेकर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के समक्ष ‘बस्तर विजन’ का रोडमैप रखते हुए राज्य की प्रमुख विकास परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव में प्रस्तावित करीब ₹10,500 करोड़ की गैस आधारित यूरिया परियोजना को शीघ्र मंजूरी देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को उर्वरक की बेहतर उपलब्धता के साथ औद्योगिक निवेश और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बस्तर सहित संवेदनशील क्षेत्रों के 461 गांवों को स्थायी विद्युत ग्रिड से जोड़ने के लिए विशेष सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली पहुंचने से इन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और आजीविका के नए अवसर मजबूत होंगे।
मुख्यमंत्री साय ने रायपुर अथवा बस्तर में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद स्थापित करने का प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के सामने रखा। उन्होंने कहा कि बस्तर की औषधीय वनस्पतियों और पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में यह संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने’ के माध्यम से बस्तर संभाग के 5,542 गांवों के करीब 39 लाख लोगों तक शासन की योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बंद पड़े 421 स्कूल फिर शुरू किए गए हैं, जबकि ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित करने की दिशा में काम जारी है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत अब तक 34 लाख से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है। वहीं सड़क, रेल और हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए जगदलपुर-रावघाट रेललाइन सहित कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने बस्तर दशहरा को वैश्विक पर्यटन ब्रांड बनाने, चित्रकोट और तीरथगढ़ जैसे पर्यटन स्थलों के विकास तथा बस्तर ओलंपिक में 4 लाख से अधिक युवाओं की भागीदारी का भी उल्लेख किया।
औद्योगिक विकास की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य को करीब ₹8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। वहीं 10.42 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और अगले चरण में 14 लाख और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को वर्ष 2027 में रायपुर में प्रस्तावित ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ ‘विकसित भारत’ के साथ ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि विकास की रोशनी प्रदेश के अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और बस्तर शांति, विश्वास, समृद्धि एवं विकास की नई पहचान बने।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More