
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर ऐतिहासिक भर्ती प्रक्रिया शुरू, राज्य गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में निकली रिक्तियां
KPN24.com रायपुर 7 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ के हजारों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ ने कुल 1235 पदों पर बंपर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। राज्य गठन के बाद यह पहली बार है जब बिजली कंपनियों में इतनी बड़ी संख्या में नियुक्तियां की जा रही हैं। इस निर्णय से जहां युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं प्रदेश के उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त तकनीकी और प्रशासनिक मानव संसाधन भी उपलब्ध होगा।
भर्ती प्रक्रिया के तहत सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, प्लांट अटेंडेंट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फायर ऑफिसर एवं स्टाफ, विधि विभाग, वित्त अधिकारी तथा सुरक्षा विभाग सहित विभिन्न श्रेणियों के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ये भर्तियां पावर जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन तीनों कंपनियों में होंगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती कर विद्युत सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाया जाए। उनके निर्देशानुसार भर्ती प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाएगा, जिससे बढ़ती बिजली मांग के अनुरूप पर्याप्त तकनीकी अमला उपलब्ध हो सके।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह ने भी अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के समय जहां प्रदेश में केवल 18.91 लाख बिजली उपभोक्ता थे, वहीं आज उनकी संख्या बढ़कर 67 लाख से अधिक हो चुकी है। इसी प्रकार बिजली की अधिकतम मांग 1334 मेगावाट से बढ़कर 7083 मेगावाट तक पहुंच गई है।
बढ़ती ऊर्जा आवश्यकता को देखते हुए राज्य सरकार ने कोरबा पश्चिम में 1320 मेगावाट क्षमता के सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट की स्थापना का कार्य भी प्रारंभ कर दिया है। साथ ही प्रदेशभर में नए उपकेंद्रों और विद्युत लाइनों का विस्तार तेजी से किया जा रहा है।
कंपनीवार रिक्तियां
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी – 547 पद
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी – 96 पद
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी – 415 पद
तीनों कंपनियों के कॉमन कैडर – 177 पद
वर्गवार पदों का विवरण
द्वितीय श्रेणी – 189 पद
तृतीय श्रेणी – 711 पद
चतुर्थ श्रेणी – 335 पद
सबसे अधिक भर्ती इन पदों पर
डाटा एंट्री ऑपरेटर – 400 पद
प्लांट अटेंडेंट – 300 पद
सहायक अभियंता – 146 पद
कनिष्ठ अभियंता – 122 पद
पावर कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि भर्ती से संबंधित पात्रता, नियम, आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा तिथि एवं विस्तृत दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी सभी अपडेट छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे।
प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए यह भर्ती लंबे समय से प्रतीक्षित अवसर मानी जा रही है। उम्मीद है कि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद हजारों योग्य अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में अपना भविष्य बनाने का सुनहरा मौका मिलेगा।










