"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

शादी का झांसा देकर अनाचार का आरोप, उत्तर प्रदेश से आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई—कोतवाली पुलिस टीम ने आजमगढ़ में दी दबिश, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

KPN24.com जांजगीर-चांपा 14 अगस्त 2026

शादी का झांसा देकर युवती से कथित रूप से अनाचार करने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे पकड़ा और पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

काम के दौरान हुई पहचान, शादी का झांसा देकर बनाए संबंध
पुलिस के अनुसार पीड़िता की पहचान काम करने के दौरान आरोपी सुरेंद्र राजभर, पिता रामलाल राजभर, उम्र 24 वर्ष, निवासी आजमगढ़, उत्तर प्रदेश से हुई थी। आरोपी ने पहले पीड़िता से दोस्ती की और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाईं। आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता को शादी करने का झांसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध अनाचार किया।
कुछ समय बाद पीड़िता अपने घर वापस आ गई। इसके बावजूद आरोपी जांजगीर-चांपा क्षेत्र में आया और पीड़िता को मिलने के बहाने बुलाकर शादी करने का भरोसा दिलाते हुए उसके साथ कथित रूप से अनाचार किया। पीड़िता द्वारा शादी के लिए कहने पर आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में मोबाइल बंद कर उत्तर प्रदेश चला गया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई टीम, उत्तर प्रदेश में दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी तत्काल पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडेन यॉर्क तथा नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले में तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश के पालन में सिटी कोतवाली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश में उत्तर प्रदेश के लिए रवाना किया। टीम ने आरोपी के संभावित ठिकाने की जानकारी जुटाकर उसके घर पर दबिश दी, जहां वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर तथा डराने-धमकाने के आरोपों से संबंधित घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, आरक्षक प्रकाश राठौर, महिला आरक्षक संतुका एवं विनोद राठौर का विशेष योगदान रहा।

 

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More