"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मुख्यमंत्री साय से निर्माता-निर्देशक डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी की मुलाकात, भारतीय इतिहास-संस्कृति पर हुई सार्थक चर्चा

KPN24.com रायपुर 14 अगस्त 2026

राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक एवं अभिनेता पद्मश्री डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर डॉ. द्विवेदी का आत्मीय अभिनंदन किया। दोनों के बीच भारतीय इतिहास, संस्कृति, साहित्य और सिनेमा सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

‘चाणक्य’ के जरिए इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास उल्लेखनीय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारतीय सिनेमा और दूरदर्शन ने देश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने अपने सृजन के माध्यम से भारतीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य को प्रभावशाली ढंग से आमजन तक पहुंचाने का उल्लेखनीय कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक और साहित्यिक विषयों को गंभीर शोध, संवेदनशीलता तथा सशक्त प्रस्तुति के साथ पर्दे पर उतारना अपने आप में महत्वपूर्ण योगदान है। डॉ. द्विवेदी की रचनाएं भारतीय सभ्यता, संस्कृति और गौरवशाली अतीत से नई पीढ़ी को जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनी हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विशेष रूप से दूरदर्शन के लोकप्रिय धारावाहिक ‘चाणक्य’ का उल्लेख करते हुए कहा कि आचार्य चाणक्य के व्यक्तित्व, राष्ट्रबोध और राजनीतिक दर्शन को डॉ. द्विवेदी ने जिस प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया, उसने देशभर के दर्शकों पर अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने कहा कि इतिहास और संस्कृति पर आधारित ऐसी रचनाएं युवाओं को अपनी जड़ों, सभ्यता, विरासत और राष्ट्रीय मूल्यों को समझने के लिए प्रेरित करती हैं।
छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और लोक विरासत पर भी हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं, साहित्य और ऐतिहासिक विरासत पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और जनजातीय परंपराएं प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की लोककला, लोकसाहित्य, जनजातीय जीवनशैली और गौरवशाली इतिहास में सृजन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। इन विरासतों को देश और दुनिया तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सिनेमा एवं अन्य रचनात्मक माध्यम महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने मुख्यमंत्री श्री साय के आत्मीय स्वागत और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती प्रियंवदा सिंह जूदेव तथा प्रबल प्रताप सिंह जूदेव उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More