
स्वच्छ जांजगीर-नैला अभियान का आगाज, कलेक्टर ने दिलाई शपथ; 25 वार्डों के बीच होगी स्वच्छता की होड़
KPN24.com जांजगीर-चांपा 14 अगस्त 2026
जांजगीर-नैला को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए शुक्रवार को ‘स्वच्छ जांजगीर-नैला अभियान’ का शुभारंभ हुआ। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्वच्छता की शपथ दिलाई, वहीं स्वच्छता रैली के जरिए शहरवासियों को साफ-सफाई का संदेश दिया गया।
अभियान के तहत शहर में 100 प्रतिशत घर-घर कचरा संग्रहण और घर से ही कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित किया जाएगा। नागरिकों को हरे डिब्बे में गीला, नीले में सूखा, लाल में सैनिटरी और पीले में हानिकारक कचरा रखने के लिए जागरूक किया जाएगा।
सड़क पर कचरा फेंका तो जेब होगी ढीली
सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने या जलाने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई होगी। पहली बार घरेलू उपयोगकर्ता पर 500 रुपये और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर 1,000 रुपये, जबकि दूसरी बार क्रमशः 1,000 और 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
25 वार्डों में होगी स्वच्छता की ‘टक्कर’
अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए स्कूली विद्यार्थियों के बीच स्रोत पर कचरा पृथक्करण प्रतियोगिता और नगर पालिका के सभी 25 वार्डों के बीच ‘स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता’ होगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्ड को 1 नवंबर, राज्य स्थापना दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि “स्वच्छ शहर केवल प्रशासन के प्रयास से नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी से बनेगा।” उन्होंने विद्यार्थियों और नागरिकों से स्वच्छता को अभियान नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आदत बनाने की अपील की।
अभियान के तहत एकल उपयोग प्लास्टिक को हतोत्साहित करने के साथ कपड़े और जूट के थैलों को बढ़ावा दिया जाएगा। स्वच्छता में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सफाई कर्मचारियों को ‘स्वच्छता मित्र’ के रूप में सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, सौरभ सिंह, नारायण चंदेल, अम्बेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।










