"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

हिंदुस्तान पेट्रोलियम के नाम पर नकली तेल का खेल बेनकाब, तीन दुकान संचालक गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई | 2.50 लाख रुपये का डुप्लीकेट तेल जब्त, 56 नग सामग्री बरामद

KPN24.com जांजगीर-चांपा16 अगस्त 2026

हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम और पैकिंग का कथित दुरुपयोग कर डुप्लीकेट तेल बेचने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली जांजगीर और चांपा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन संदिग्ध दुकान संचालकों के ठिकानों पर छापेमारी कर हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम पर पैक किए गए 56 नग डुप्लीकेट तेल बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस की छापेमारी में खुला कथित नकली तेल का कारोबार
पुलिस के अनुसार, जिले में कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क तथा नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में सिटी कोतवाली और चांपा पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संदिग्ध दुकानों की जांच शुरू की।
इसी दौरान हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट तेल बेचे जाने की शिकायत पर पुलिस टीमों ने संबंधित दुकानों में दबिश दी। तलाशी के दौरान 44 बड़े बकेट और 12 छोटे केन, कुल 56 नग, बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, जब्त सामग्री की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है।
तीन दुकान संचालक पुलिस कार्रवाई की जद में
पुलिस ने जिन दुकान संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की है, उनमें—
सुरेश कुमार अग्रवाल, पिता स्व. देवदत्त अग्रवाल, उम्र 50 वर्ष, निवासी स्टेशन रोड, बरपाली चौक, चांपा।
अमन शर्मा, पिता अशोक शर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी नेताजी चौक, जांजगीर।
नीरज अग्रवाल, पिता स्व. बद्री प्रसाद अग्रवाल, उम्र 51 वर्ष, निवासी दुर्गा ऑटोमोबाइल, चांपा।
पुलिस द्वारा बरामद सामग्री के दस्तावेज, बिक्री संबंधी जानकारी और उत्पाद की वास्तविकता का सत्यापन कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया कंपनी के अधिकृत उत्पाद के नाम और पैकिंग का कथित रूप से दुरुपयोग कर ग्राहकों को डुप्लीकेट तेल बेचे जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नकली उत्पादों पर पुलिस की पैनी नजर
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने जिले में नकली और डुप्लीकेट उत्पादों के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी करने वाले ऐसे कारोबारियों के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी दुकान या प्रतिष्ठान में नकली अथवा डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री की जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, निरीक्षक अशोक वैष्णव, थाना प्रभारी चांपा, उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक चंद्रवंशी, उप निरीक्षक भवानी सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमारी, मुकेश कुमार पाण्डेय, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रकाश चंद्र राठौर, आरक्षक प्रकाश राठौर, संतुका एवं विनोद राठौर सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More