"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

रायपुर में कैंसर उपचार को मिली नई ताकत: रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का शुभारंभ

Kpn24.com रायपुर 16 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ में कैंसर उपचार की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम जुड़ गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल परिसर में अत्याधुनिक रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कैंसर संस्थान में उपलब्ध अत्याधुनिक उपचार सुविधाओं और चिकित्सा उपकरणों का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकों को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए शुभकामनाएं दीं।
व्यक्तिगत पीड़ा से सेवा का संकल्प, अब बनेगा हजारों मरीजों का सहारा
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल पिछले 36 वर्षों से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. संदीप दवे के भाई स्वर्गीय प्रदीप दवे का कैंसर से निधन हुआ था। इस पीड़ा ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ बेहतर उपचार सुविधाएं विकसित करने के संकल्प को मजबूती दी और आज उसी संकल्प का परिणाम कैंसर संस्थान के रूप में सामने आया है।
उन्होंने कहा कि यह संस्थान आने वाले समय में हजारों-लाखों मरीजों को बेहतर और आधुनिक कैंसर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अब एक ही परिसर में जांच से उपचार तक सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट के शुरू होने से छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में नया अध्याय जुड़ा है। कैंसर मरीजों को एक ही परिसर में जांच, उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेशवासियों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उन्हें अपने ही प्रदेश में मिलें।
कैंसर की समय पर पहचान बेहद जरूरी : डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने संस्थान के शुभारंभ को छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कैंसर केवल मरीज की नहीं, बल्कि पूरे परिवार की पीड़ा होती है।
उन्होंने कैंसर की रोकथाम के लिए नियमित जांच और प्रारंभिक पहचान पर जोर देते हुए कहा कि शुरुआती चरण में बीमारी का पता चलने पर उपचार की संभावनाएं काफी बेहतर होती हैं। नए संस्थान से मरीजों को एक ही छत के नीचे व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं मिलने का लाभ होगा।
15 मेडिकल कॉलेजों तक पहुंचा स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार : स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट के शुभारंभ से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण नई कड़ी जुड़ी है।
उन्होंने बताया कि राज्य गठन के समय छत्तीसगढ़ में केवल एक मेडिकल कॉलेज था। तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से यह संख्या बढ़कर 10 हुई और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पिछले ढाई वर्षों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के बाद प्रदेश में अब 15 मेडिकल कॉलेज हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में दो नए सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों पर भी काम चल रहा है। बस्तर में सुपर स्पेशलिटी सुविधाओं के विस्तार से गंभीर मरीजों को उपचार के लिए रायपुर लाने की आवश्यकता कम हुई है, जबकि जगदलपुर में हृदय जैसी जटिल सर्जरी भी संभव हो रही है। बिलासपुर में भी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का शुभारंभ हो चुका है।
गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, चिकित्सक, स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More