"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

शिक्षा के नए द्वार खोलने की पहल, झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय का शुभारंभ

राजनीति के साथ शिक्षा और समाजसेवा को भी जीवन का ध्येय बनाया बोधराम कंवर ने : डॉ. चरणदास महंत

KPN24.com हरदीबाजार कोरबा 17 अगस्त 2026

ग्रामीण अंचल की बेटियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में हरदीबाजार में एक नई पहल की शुरुआत हुई। शास्त्री शिक्षा समिति द्वारा स्थापित झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय के शिलान्यास एवं उद्घाटन कार्यक्रम में राजनीति, शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े कई प्रमुख चेहरे शामिल हुए।

कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और शिक्षाविद् बोधराम कंवर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित रेखाराम पांडे द्वारा विधि-विधान से शिलान्यास पूजन के साथ हुई। इसके बाद मां सरस्वती एवं स्वर्गीय झीनी बाई कंवर के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन कर अतिथियों का मंच पर स्वागत किया गया।
शिक्षा और समाज के लिए समर्पित रहा बोधराम कंवर का जीवन : महंत
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि बोधराम कंवर अपने माता-पिता के आदर्शों और संस्कारों को आगे बढ़ाते हुए राजनीति के साथ-साथ शिक्षा एवं समाज के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और विस्थापित क्षेत्रों में शिक्षा जैसी बुनियादी जरूरत को मजबूत करना आज की बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने एसईसीएल द्वारा कोयला खनन के लिए होने वाले विस्थापन का उल्लेख करते हुए कहा कि विस्थापित परिवारों को केवल स्थान परिवर्तन तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि उनके अधिकार और बुनियादी सुविधाएं भी पूरी जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव से विस्थापन केवल घर छूटने का दर्द नहीं है, बल्कि सामाजिक रिश्तों और सुख-दुख में साथ खड़े रहने की परंपरा पर भी असर डालता है।
डॉ. महंत ने बोधराम कंवर के उत्साह और सक्रियता की सराहना करते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की। साथ ही कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को युवाओं को संगठन से जोड़ने, उनके साथ संवाद करने और संगठन को मजबूत बनाने की नसीहत भी दी।
बेटियों की उच्च शिक्षा के लिए उठाया बड़ा कदम : ज्योत्सना महंत
सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि बाबूजी बोधराम कंवर ने बच्चियों की उच्च शिक्षा और क्षेत्र के विकास के लिए झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय की स्थापना कर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को अपने घर के आसपास उच्च शिक्षा का अवसर मिलना उनके भविष्य को नई दिशा देगा।
ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की मजबूत नींव रखी : प्रेमचंद पटेल
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय को शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि बोधराम कंवर ने इससे पहले भी ग्रामीण अंचल में शिक्षा के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
उन्होंने कहा कि उनके द्वारा स्थापित ग्राम्य भारती महाविद्यालय और शास्त्री हाई स्कूल आज भी ग्रामीण युवाओं को शिक्षा का मजबूत आधार उपलब्ध करा रहे हैं। ऐसे संस्थानों की स्थापना ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है।
बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए महाविद्यालय की स्थापना : जयसिंह अग्रवाल
पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि बोधराम कंवर ने स्वयं को शिक्षा और समाज के प्रति समर्पित किया है। उन्होंने शास्त्री हाई स्कूल और ग्राम्य भारती महाविद्यालय की स्थापना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन संस्थाओं ने क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों सहित कई महत्वपूर्ण पहल की गईं। सांसद के सहयोग से मेडिकल कॉलेज की स्थापना भी हुई, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर और गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है।
मां के शिक्षा प्रेम को बनाया संकल्प की ताकत : बोधराम कंवर
कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार बोधराम कंवर ने कहा कि उनकी माता स्वर्गीय झीनी बाई कंवर शुरू से ही शिक्षा के प्रति दृढ़ संकल्पित और धार्मिक प्रवृत्ति की थीं। उनके मन में शिक्षा को लेकर जो सपना था, उसे साकार करने के उद्देश्य से झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय की स्थापना की गई है।
उन्होंने कहा कि इस महाविद्यालय के माध्यम से क्षेत्र की आदिवासी, गरीब और ग्रामीण बेटियों को उच्च एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
संस्था की गतिविधियों की दी जानकारी
नवीन महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य कृष्ण कुमार चौधरी ने संस्था के उद्देश्य एवं आगामी गतिविधियों की संक्षिप्त जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को शाल, साड़ी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. शिव दुबे ने किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक पाली-तानाखार मोहित केरकेट्टा, पूर्व विधायक कटघोरा पुरुषोत्तम कंवर, कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनोज चौहान, कटघोरा नगरपालिका अध्यक्ष राज जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य कौशल नेटी, दुलेश्वरी सिदार, दयाराम कंवर, प्रमिला कंवर, धनंजय कंवर, मुकेश जायसवाल, सरपंच लोकेश्वर कंवर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षाविद् एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More