
KPN24.com जांजगीर-चांपा 17 अगस्त 2026
नागपंचमी पर्व के पावन अवसर पर डभराखुर्द स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से हर वर्ष की परंपरा के अनुरूप 24 घंटे का अखंड रामायण पाठ, यज्ञ-हवन एवं पूर्णाहुति का आयोजन विधि-विधान से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य पं. जितेन्द्र तिवारी ने अखंड दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य यजमान के रूप में रूपनारायण चंद्रा सपत्नीक शामिल हुए। अखंड रामायण पाठ के दौरान पूरे 24 घंटे मंदिर परिसर रामनाम और भक्ति की गूंज से सराबोर रहा। ग्रामवासियों ने बारी-बारी से पाठ में सहभागिता निभाते हुए इस धार्मिक आयोजन को सफलतापूर्वक पूर्ण कराया।
यज्ञ-हवन और पूर्णाहुति में उमड़ा जनसैलाब
अखंड रामायण पाठ के समापन के पश्चात नागपंचमी पर्व की परंपरा के अनुसार यज्ञ-हवन एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई और सुख-शांति, समृद्धि एवं ग्राम की खुशहाली की कामना की।
आयोजन की विशेष बात यह रही कि ग्रामवासियों ने धार्मिक आस्था को प्राथमिकता देते हुए अपने दैनिक काम-धंधे से विराम लेकर यज्ञ-हवन में सहभागिता की। इससे पूरे गांव में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।
ग्रामवासियों की एकजुटता बनी आयोजन की ताकत
आयोजन को सफल बनाने में रघुनाथ दास वैष्णव, खगेश्वर वैष्णव, नरोत्तम वैष्णव, अंकूर वैष्णव, शिवनाथ पटेल, शत्रुघन पटेल, मोतीलाल पटेल, रामकृपाल पटेल, सुरेश कुमार पटेल, लखनलाल चंद्रा, सुदामा प्रसाद चंद्रा, पन्नालाल पटेल, घनश्याम, साखीराम, रघुनाथ पटेल, जीतराम, भोजराम, अजय कुमार, कृष्णों कश्यप, महेंद्र, सुरेंद्र, गोरेलाल, रामस्नेही, रामेश्वर, नर्मदा पटेल, रमेश कुमार, मनहरण, घसियाराम पटेल, ग्राम बैगा सहित बड़ी संख्या में समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।
दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर डभराखुर्द में हर वर्ष नागपंचमी पर होने वाला यह आयोजन अब गांव की धार्मिक और सामाजिक एकजुटता की पहचान बन चुका है। श्रद्धा, सेवा और सामूहिक सहभागिता के साथ संपन्न हुए इस आयोजन ने एक बार फिर ग्रामवासियों की आस्था और परंपरा के प्रति समर्पण को सामने रखा।










