"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मां चंडी दाई का फिर सजा दरबार, पुलिस बैंड के साथ निकली भव्य शोभायात्रा

चोरी गए चांदी के मुकुट और सोने के आभूषण बरामद होने के बाद विधिवत शुद्धिकरण कर मां का कराया गया पुनः भव्य श्रृंगार — ग्राम महंत में महिला कमांडो टीम का भी गठन

KPN24.com जांजगीर-चांपा 17 अगस्त 2029

नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महंत स्थित प्रसिद्ध मां चंडी दाई मंदिर में सोमवार को श्रद्धा, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर से चोरी हुए मां के चांदी के मुकुट एवं सोने के आभूषणों की पुलिस द्वारा बरामदगी के बाद विधिवत शुद्धिकरण कर मां चंडी दाई का पुनः भव्य श्रृंगार कराया गया। इस दौरान पुलिस बैंड की धुनों के बीच निकली शोभायात्रा ने पूरे गांव को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।

कुछ दिन पूर्व मां चंडी दाई मंदिर से मुकुट एवं आभूषण चोरी होने की घटना से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में चिंता और आक्रोश का माहौल था। जांजगीर-चांपा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई सामग्री बरामद कर ली। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां अपराधियों पर शिकंजा कसा गया, वहीं श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ।
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विधिवत हुआ मां का पुनः श्रृंगार
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, आईपीएस के नेतृत्व में चोरी गए मुकुट एवं आभूषणों को न्यायालय से सुपुर्दनामा में प्राप्त किया गया। इसके बाद विधि-विधान के साथ उनका शुद्धिकरण कराया गया और श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में मां चंडी दाई का पुनः भव्य श्रृंगार किया गया।
इस अवसर पर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी चांपा लौकेश बंसल, पुलिस उप अधीक्षक अजाक श्रीमती सतरूपा तारम, थाना प्रभारी नवागढ़ मणिकांत पाण्डेय, गणमान्य नागरिक देवेश सिंह, पत्रकारगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
भरम बाबा मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा
मां के पुनः श्रृंगार के अवसर पर भरम बाबा मंदिर से मां चंडी दाई मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पुलिस बैंड की मधुर धुनों के बीच निकली शोभायात्रा में पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जैसे-जैसे शोभायात्रा आगे बढ़ी, वातावरण “जय मां चंडी दाई” के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं के चेहरे पर उत्साह और आस्था साफ दिखाई दी। चोरी की घटना के बाद मायूस हुए ग्रामीणों के बीच मां का पुनः श्रृंगार और शोभायात्रा किसी उत्सव से कम नहीं रही।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लौटा भरोसा
मंदिर में चोरी की घटना ने ग्रामीणों की धार्मिक भावनाओं को आहत किया था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने न केवल आरोपियों को कानून के शिकंजे में पहुंचाया, बल्कि चोरी गई धार्मिक धरोहर को भी वापस मंदिर तक पहुंचाया। मुकुट और आभूषणों की वापसी के साथ मां का पुनः श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए विश्वास और आस्था की नई ऊर्जा लेकर आया।
महिलाओं को सुरक्षा की जिम्मेदारी, बनी महिला कमांडो टीम
कार्यक्रम के दौरान जांजगीर-चांपा पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की। ग्राम महंत की सक्रिय एवं जागरूक महिलाओं को जोड़कर महिला कमांडो टीम का गठन किया गया।
यह टीम ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More