"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

युवा शक्ति से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़, मुख्यमंत्री साय ने दिया बड़ा संदेश

माय भारत की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री का जोर—गांव से राज्य तक मजबूत होगा युवा नेटवर्क, बस्तर के युवाओं के लिए खुलेंगे नए अवसर

KPN24.com रायपुर 18 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप अवसर देकर राष्ट्र निर्माण से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत से जोड़ने और सामाजिक, शैक्षणिक, खेल, पर्यावरण, कौशल विकास, कृषि व अन्य गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।
6.60 लाख से ज्यादा छत्तीसगढ़ी युवा जुड़े
बैठक में बताया गया कि देशभर में 2.65 करोड़ से अधिक युवा माय भारत से पंजीकृत हैं, जबकि छत्तीसगढ़ में यह संख्या 6.60 लाख से अधिक हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने ग्राम स्तर से राज्य स्तर तक मजबूत युवा नेटवर्क तैयार करने और युवाओं को नेतृत्व के अवसर देने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ‘सशक्त युवा-सशक्त छत्तीसगढ़’ की भावना के साथ युवाओं को सेवा, सामाजिक सरोकार और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए, ताकि वे भविष्य के नेतृत्व के लिए तैयार हो सकें।
बस्तर के युवाओं पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने बस्तर के युवाओं को माय भारत से व्यापक स्तर पर जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में यहां के युवाओं की प्रतिभा को सही मंच और अवसर देना बेहद जरूरी है।
बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों ने युवाओं को खेल, कला और संस्कृति में अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया है। माय भारत के जरिए भी उन्हें नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने के नए अवसर मिलेंगे।
बैठक में ‘विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग’ सहित विभिन्न युवा कार्यक्रमों के विस्तार पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि आज के विकास का सक्रिय भागीदार भी है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More