
KPN24.com रायपुर 18 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी में तकनीकी दक्षता, नवाचार और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर कार्य करने वाले आठ अधिकारी-कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। डंगनिया स्थित सेवाभवन में आयोजित सम्मान समारोह में प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने सभी को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए।
सम्मानित कर्मियों का चयन वर्षभर में किए गए उल्लेखनीय कार्यों, परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, विद्युत प्रणाली की सुरक्षा एवं विश्वसनीयता बनाए रखने तथा कठिन परिस्थितियों में प्रभावी कार्य निष्पादन के आधार पर किया गया।
तकनीकी सूझबूझ से लेकर डिजिटल नवाचार तक, उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान
खेदामारा के परीक्षण सहायक श्रेणी-1 जे. कृष्णामूर्ति को सेमरिया 220 केवी उपकेंद्र में सर्किट ब्रेकर का एक पोल बस्ट होने के दौरान सूझबूझ दिखाकर बड़े उपकरणों को सुरक्षित बचाने के लिए सम्मानित किया गया।
अंबिकापुर सिविल संभाग के डाटा एंट्री ऑपरेटर सुमित कुमार सिंह को तिल्दा, कुसमी एवं सोनगरा के 132 केवी उपकेंद्रों के लिए वन भूमि आबंटन में उल्लेखनीय प्रयास के लिए पुरस्कृत किया गया।
महासमुंद के 132/33 केवी उपकेंद्र झलप एवं बागबाहरा की सहायक अभियंता सुश्री लता जगत को 63 एमवीए ट्रांसफार्मरों की समयबद्ध स्थापना और आपात परिस्थितियों में विद्युत प्रणाली की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सम्मान मिला।
भिलाई कर्मशाला संभाग के परिचारक श्रेणी-2 (लाइन) वेदराम यादव ने जटिल ट्रांसमिशन संरचनाओं एवं 220 केवी टावरों के निर्माण को आसान बनाने के लिए विशेष टेम्पलेट तैयार किया। उनके इस नवाचार को भी सम्मानित किया गया।
रायगढ़ अति उच्च दाब (निर्माण) उपसंभाग के परिचारक श्रेणी-1 (लाइन) सत्य प्रकाश राठौर ने ग्रामीण क्षेत्रों की चुनौतियों के बीच घरघोड़ा-बरौद 132 केवी लाइन का निर्माण निर्धारित समय से पहले पूरा कराया।
वहीं रायपुर अति उच्च दाब (निर्माण) संभाग के लाइन सहायक श्रेणी-2 हीरा सिंह ध्रुव को एनएमडीसी बचेली के लिए 132 केवी लाइन निर्माण में विभिन्न विभागों और स्थानीय लोगों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर कार्य को सफल बनाने के लिए सम्मानित किया गया।
बिलासपुर के 132 केवी उपकेंद्र तिफरा की सहायक अभियंता सुश्री वीणा ध्रुव ने नौ उपकेंद्रों का अतिरिक्त दायित्व संभालते हुए आपात परिस्थितियों में प्रभावी कार्य निष्पादन और नए पावर ट्रांसफार्मरों की सफल चार्जिंग में उल्लेखनीय योगदान दिया।
रायपुर मुख्यालय की प्रबंधक (वित्त) श्रीमती अमृता व्यास को एपीआई आधारित मशीन-टू-मशीन भुगतान प्रणाली विकसित कर भुगतान प्रक्रिया के सफल डिजिटलीकरण के लिए सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान, दूसरों के लिए बनी प्रेरणा
समारोह में कार्यपालक निदेशक के.एस. मनोठिया, कार्यपालक निदेशक (वित्त) एम.एस. चौहान, कार्यपालक निदेशक (लाइन) संजय पटेल, कार्यपालक निदेशक (ट्रांसमिशन) वी.के. दीक्षित, मुख्य अभियंता (भार प्रेषण) श्रीमती शारदा सोनवानी, मुख्य अभियंता (उपकेंद्र) अब्राह्म वर्गीस, मुख्य अभियंता (परियोजना) प्रसन्ना गोसावी एवं मुख्य अभियंता (एचआर) श्रीमती रश्मि वर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) गोविन्द पटेल ने किया। अंत में अधीक्षण अभियंता श्री पंकज चौधरी ने आभार व्यक्त किया।
विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने में तकनीकी दक्षता, नवाचार और समर्पण की भूमिका अहम है। इन आठ अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान न केवल उनके उत्कृष्ट कार्यों की पहचान है, बल्कि पूरी टीम को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने वाला कदम भी है।










