
एक लाख श्रद्धालुओं की सुरक्षा के बीच पुलिस की पैनी नजर, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी; यातायात व्यवस्था भी रही चाक-चौबंद
KPN24.com जांजगीर-चांपा 18 अगस्त 2026
नाग पंचमी के अवसर पर अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी दल्हा पहाड़ में आयोजित ऐतिहासिक मेले में करीब एक लाख श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस की मुस्तैदी के चलते मेले में किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
हमले में इस्तेमाल हो सकने वाले 5500 स्टील के कड़े उतरवाए
मेले में अपराध की संभावनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
जांच के दौरान करीब 5500 भारी स्टील के कड़े उतरवाकर पुलिस ने जमा कराए। पुलिस के मुताबिक कुछ कड़े इतने भारी और मजबूत थे कि उनका इस्तेमाल मारपीट अथवा हमले में किया जा सकता था। वहीं कुछ युवकों के पास हाथ में पहनने वाले पंचनुमा स्टील उपकरण भी मिले, जिन्हें तत्काल हटवाकर पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
भीड़ में छिपाकर लाई जा रही 150 पाव शराब जब्त
मेले में अवैध शराब के सेवन और उससे होने वाली संभावित घटनाओं पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। अलग-अलग लोगों द्वारा पाकिट, बैग और झोलों में छिपाकर लाई जा रही करीब 150 पाव देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
ड्रोन और सीसीटीवी से संदिग्धों पर नजर
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने मेले में लगातार पेट्रोलिंग के साथ ड्रोन कैमरे और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़भाड़ वाले स्थानों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस की सक्रिय निगरानी से मेले में सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत बनी रही।
साइबर जागरूकता बना आकर्षण
मेले में पुलिस के साइबर जागरूकता अभियान ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। साइबर ठगी, डिजिटल धोखाधड़ी और ऑनलाइन अपराधों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
दल्हा पहाड़ के शीर्ष, मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर साइबर जागरूकता सेल्फी जोन बनाए गए। श्रद्धालुओं ने “मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” संदेश के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश भी प्रसारित किया।
महिला कमांडो और स्वयंसेवकों की अहम भूमिका
मेले में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में महिला कमांडो टीम ग्राम पड़रिया, पहाड़ मित्र, स्वयंसेवकों, भीम रेजिमेंट, डॉ. अंबेडकर विचार युवा संगठन अकलतरा, आश्रम परिवार समिति तथा वन प्रबंध समिति का सराहनीय सहयोग रहा।
यातायात व्यवस्था रही चाक-चौबंद
बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर, बलौदा समेत विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था की गई। पुलिस की यातायात टीमों की सक्रियता से भीड़ के बावजूद वाहनों की आवाजाही सुचारू रही और यातायात व्यवस्था नियंत्रण में बनी रही।










